देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश: अचानक आई बाढ़ से कामरु में घर क्षतिग्रस्त, शिमला-किन्नौर राजमार्ग अवरुद्ध
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश की कामरू पंचायत में बृहस्पतिवार को अचानक आई बाढ़ से घर क्षतिग्रस्त हो गए और कृषि भूमि जलमग्न हो गई। वहीं, रामपुर और झाकड़ी के बीच बौरोनी नाले में उफान के कारण शिमला-किन्नौर राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शिमला/रामपुर, 20 जुलाई हिमाचल प्रदेश की कामरू पंचायत में बृहस्पतिवार को अचानक आई बाढ़ से घर क्षतिग्रस्त हो गए और कृषि भूमि जलमग्न हो गई। वहीं, रामपुर और झाकड़ी के बीच बौरोनी नाले में उफान के कारण शिमला-किन्नौर राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
हिमाचल प्रदेश राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, पहाड़ी राज्य में मानसून की शुरुआत के बाद से बारिश से जुड़ी घटनाओं जैसे भूस्खलन, अचानक बाढ़ और सड़क दुर्घटनाओं में 130 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे राज्य को 4,809 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
सांगला घाटी में कामरू पंचायत की स्थिति पर किन्नौर के उपायुक्त (डीसी) तारुल एस रवीश ने बताया कि अचानक आई बाढ़ से जलधारा में पानी का प्रवाह बढ़ गया।
अधिकारी ने बताया कि बागान के साथ-साथ कृषि भूमि भी जलमग्न हो गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
डीसी ने बताया कि घरों और वाहनों को नुकसान पहुंचने की भी खबरें आ रही हैं पर अभी तक किसी के भी हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
शिमला के डीसी आदित्य नेगी ने बताया कि बादल फटने के बाद बौरोनी नाले में जलस्तर बढ़ गया और रामपुर और झाकड़ी के बीच शिमला-किन्नौर राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर पानी भर गया।
उन्होंने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने वाहनों की आवाजाही के लिए सड़क खोलने का काम शुरू कर दिया है।
अधिकारियों के अनुसार कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण राज्य में 686 सड़के अवरुद्ध हुई है और साथ ही साथ 1138 ट्रांसफार्मर और 315 जल आपूर्ति परियोजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
उन्होंने बताया कि 572 घर पूरी तरह से और 4,703 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। क्षतिग्रस्त संपत्तियों में राज्य की 148 दुकानें और 1,286 गौशालाएं भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि कृषि भूमि और बागवानी को हुई क्षति 158 करोड़ पर पहुंच गई है और केंद्रीय दल राज्य के बारिश प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहा है।
स्थानीय मौसम विभाग ने 24 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसने चंबा, मंडी, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में कम से मध्यम बाढ़ के खतरे की चेतावनी भी जारी की है।
हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से भारी बारिश हुई और नारकंडा में 87 मिलीमीटर, शिलारो (शिमला) में 86 मिलीमीटर, करसोग में 38.5 मिलीमीटर, भरमौर में 38 मिलीमीटर, साराहन में 35 मिलीमीटर और जुब्बरहट्टी में 34 मिलीमीटर बारिश हुई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)