देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश: पुलिस कांस्टेबल परीक्षा का पर्चा लीक होने की सीबीआई जांच की मांग, दो और गिरफ्तार

शिमला, आठ मई कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती के लिए हुई लिखित परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। इसके साथ ही इस मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मामले की सीबीआई जांच की जानी चाहिए ताकि दोषी सभी लोगों को कड़ी सजा दी जा सके।

इस बीच, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने सोमवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि इस मामले में अब तक कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि रविवार रात गिरफ्तार किए गए दो और आरोपियों में कांगड़ा जिले के बलविंदर (32) और अभिषेक (27) शामिल हैं।

अधिकारी ने कहा कि कांगड़ा न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी अदालत ने सोमवार को दोनों आरोपियों को 13 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

मार्च में हुई इस लिखित परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने की खबरों के बीच हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने छह मई को परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की थी।

इस महीने के अंत में नए सिरे से लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को यहां जारी एक बयान में घोषणा की कि पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती के लिए जल्द होने वाली लिखित परीक्षा के उम्मीदवार अपना प्रवेश पत्र दिखाकर राज्य की सरकारी बसों में मुफ्त परिवहन सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)