शिमला, 18 अक्टूबर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 12 नवंबर को होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए मंडी जिले की सिराज विधानसभा सीट से बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जयराम ठाकुर (57) बुधवार, 19 अक्टूबर को अपनी मां ब्रिकू देवी के अलावा 'कुलदेवता' और 'कुलदेवी' का आशीर्वाद लेने के बाद थुनाग के उप-संभागीय मजिस्ट्रेट, सिराज विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) को दस्तावेज सौंपेंगे।
भाजपा की हिमाचल इकाई के मीडिया प्रभाग की ओर से दी गयी जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री बुधवार को सुबह दिल्ली से रेंगलू (बगस्याद) हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे।
इसके बाद, वह अपनी मां ब्रिकू देवी से आशीर्वाद लेने के लिए अपने पैतृक स्थान टांडी पहुंचेंगे।
इसके बाद, वह टांडी गांव में माता सिद्धजोगनी (भरारी माता) मंदिर में कुलदेवी और शिवकारी गांव में देव मतलोध महाराज में कुलदेवता का भी आशीर्वाद लेंगे।
उसके बाद ठाकुर कुठा (जंजेहली) में एक रैली को संबोधित करेंगे, जहां से वह बुधवार को दोपहर में नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए अपने समर्थकों के साथ थुनाक उप-जिलाधिकारी के कार्यालय की ओर प्रस्थान करेंगे।
इस मौके पर पांच बार के विधायक जयराम ठाकुर के साथ उनकी पत्नी साधना ठाकुर और बेटियां चंद्रिका और प्रियंका भी मौजूद रहेंगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY