देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश : भाजपा ने कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ किया प्रदर्शन

शिमला, 25 सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई ने सोमवार को कांग्रेस सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ यहां विधानसभा के पास प्रदर्शन किया और दावा किया कि पुलिस द्वारा लाठी से मारे जाने के कारण पार्टी का एक विधायक घायल हो गया।

भाजपा नेताओं ने यहां अंबेडकर चौक पर 'जनता मांगे हिसाब, क्यों किया विश्वासघात' नामक रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार का शुरुआती नौ महीनों के कार्यकाल के दौरान प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और इसकी सभी नीतियों और फैसलों ने आम आदमी को बुरी तरह प्रभावित किया है।

अपराह्न करीब दो बजे रैली का आयोजन किया गया।

रैली के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर विधानसभा की ओर मार्च किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की ।

भाजपा के प्रदर्शनकारी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस के साथ हल्की झड़प हुई। पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा लाठी से मारे जाने के कारण भाजपा विधायक जनक राज (भरमौर) घायल हो गए।

हालांकि, पुलिस ने कहा कि विधायक को 'मामूली चोट' तब लगी जब उन्होंने बैरिकेड पार करने की कोशिश की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)