देश की खबरें | हिमाचल : कांग्रेस के पूर्व विधायक को अज्ञात लोगों ने गोली मारी

बिलासपुर, 14 मार्च हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर से कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर को उनके घर पर अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर गोली मार दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया गया है।

हमले में ठाकुर और उनके निजी सुरक्षा अधिकारी घायल हो गए। ठाकुर के पैर में गोली लगी है और उन्हें शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) रेफर किया गया है, जबकि उनके निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) को बिलासपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घटना पर संज्ञान लेते हुए कहा, ‘‘मैंने बंबर ठाकुर से बात की है और उनसे एम्स जाने का आग्रह किया है, लेकिन वह आईजीएमसी शिमला में इलाज कराना चाहते हैं। उपायुक्त को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।’’

मुख्यमंत्री ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘गोलीबारी की घटना के पीछे जो लोग हैं, उन्हें पकड़ने के लिए सड़कों और फोरलेन पर अवरोधक लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं।’’

पूर्व विधायक, पत्नी को आवंटित सरकारी आवास के प्रांगण में अन्य लोगों के साथ होली मना रहे थे, तभी चार लोग आये और गोलीबारी शुरू कर दी।

एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार हमलावरों ने करीब 12 राउंड गोलियां चलाईं।

बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि हमलावर कथित तौर पर मुख्य बाजार की ओर पैदल भागे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)