देश की खबरें | जयपुर में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामलों में कार्रवाई के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित होगी: मंत्री

जयपुर, पांच अगस्त जयपुर शहर में सरकारी भूमि पर अवैध अतिक्रमण के मामलों में कार्रवाई के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित होगी। राज्य सरकार ने सोमवार को विधानसभा में यह घोषणा की।

नगरीय विकास राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने विधानसभा में बताया कि उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर जयपुर शहर की विभिन्न सरकारी भूमियों पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।

खर्रा शून्यकाल के दौरान जयपुर शहर के विधायक बालमुकुंदाचार्य द्वारा इस बारे में ध्यान आकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से उठाए सवाल पर जवाब दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि इस प्रकरण की जांच के लिए राज्य के मुख्य सतर्कता आयुक्त एवं गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अपनी देखरेख में एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन करेंगे।

मंत्री ने कहा कि यह कमेटी अतिक्रमणों का चिह्नीकरण करेगी तथा दो माह में नियम विरुद्ध निर्माण की जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर अतिक्रमण व अवैध निर्माण हटाने के साथ ही दोषी अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि जयसिंहपुरा खोर के पटवार सर्किल में लगभग 18 वर्षों से पदस्थापित पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर वहां नए पटवारी का पदस्थापन किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)