राजनीति

एप्सटीन फाइल्स में ममदानी की मां मीरा नायर का नाम

अमेरिकी न्याय मंत्रालय ने जेफ्री एपस्टीन से जुड़ीं 30 लाख से ज्यादा पन्नों की फाइलें और हजारों वीडियो-फोटो जारी करने की प्रक्रिया शुरू की है.

एप्सटीन फाइल्स में ममदानी की मां मीरा नायर का नाम
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: Image File)

अमेरिकी न्याय मंत्रालय ने जेफ्री एपस्टीन से जुड़ीं 30 लाख से ज्यादा पन्नों की फाइलें और हजारों वीडियो-फोटो जारी करने की प्रक्रिया शुरू की है.करोड़पति फाइनेंसर और यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों का एक नया और बहुत बड़ा हिस्सा सार्वजनिक किया गया है. इन दस्तावेजों में अमीर और ताकतवर लोगों के साथ उसकी बातचीत और संपर्कों के नए ब्यौरे सामने आए हैं. इनमें कुछ संवाद उसके 2019 में आत्महत्या से मरने से कुछ समय पहले के भी बताए गए हैं.

अमेरिकी न्याय मंत्रालय ने कहा है कि कांग्रेस द्वारा पारित एक कानून के तहत उसे 30 लाख से ज्यादा पन्नों के दस्तावेज, और हजारों वीडियो और तस्वीरें जारी की जा रही हैं. हालांकि अभियोजकों ने जिन लाखों फाइलों को कानून के तहत संभावित रूप से जारी किए जाने योग्य माना है, वे अभी भी सार्वजनिक नहीं की गई हैं. इसे लेकर डेमोक्रेट्स ने आलोचना की है.

नई जारी हुई एप्स्टीन फाइलों से पता चलता है कि न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी की मां और फिल्म निर्देशक मीरा नायर ने 2009 में अपनी फिल्म "अमीलिया” के लिए हुई पार्टी में हिस्सा लिया था, जो दोषी यौन तस्कर गीसलेन मैक्सवेल के घर पर आयोजित हुई थी.

दस्तावेजों में 21 अक्टूबर 2009 की एक ईमेल सामने आई, जो पब्लिसिस्ट पैगी सीगल ने जेफ्री एप्स्टीन को भेजी थी. यह ईमेल उस समय भेजी गई थी जब वह एक समारोह से निकलकर आई थीं, और इसमें आफ्टर‑पार्टी का जिक्र था. इस पार्टी में पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और एमेजॉन के सीईओ जेफ बेजोस भी मौजूद थे. ईमेल में लिखा था कि वे गिसलेन के टाउनहाउस से अभी निकली हैं, जहां फिल्म की आफ्टर‑पार्टी हो रही थी.

एप्सटीन की मौत के ब्यौरे

नए रिकॉर्ड में एपस्टीन की कैद और उसकी मौत से जुड़े नए विवरण भी शामिल हैं. एपस्टीन को जुलाई 2019 में सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था और एक महीने से कुछ ज्यादा समय बाद वह अपनी कोठरी में मृत पाया गया. नई दस्तावेजी खेप में जांचकर्ताओं के बीच ईमेल भी हैं, जिनमें एक जांचकर्ता ने यह टिप्पणी की कि एपस्टीन का आखिरी संदेश आत्महत्या नोट जैसा नहीं दिखता. हालांकि, कई जांचों ने निष्कर्ष निकाला है कि एपस्टीन की मौत आत्महत्या थी.

रिकॉर्ड में यह भी दर्ज है कि जेल के कर्मचारियों ने मीडिया को भ्रमित करने के लिए एक तरकीब अपनाई थी, जब एपस्टीन का शव जेल से निकाला जा रहा था. कर्मचारियों ने डिब्बों और चादरों का इस्तेमाल करके ऐसा दृश्य बनाया जो शव जैसा लगे, और उसे एक सफेद वैन में लोड किया गया जिस पर मुख्य चिकित्सा परीक्षक कार्यालय का लेबल था. रिपोर्टरों ने उस वैन का पीछा किया, जबकि उन्हें यह पता नहीं था कि एपस्टीन का असली शव एक काले वाहन में रखा गया था, जो "बिना ध्यान खींचे” निकल गया.

इलॉन मस्क का भी नाम

नए दस्तावेज एपस्टीन के कुछ हाई प्रोफाइल संपर्कों पर भी रोशनी डालते हैं. मसलन, अरबपति इलॉन मस्क ने 2012 और 2013 में एपस्टीन को ईमेल किए थे, जिनमें उसके बदनाम द्वीप परिसर की यात्रा पर चर्चा दिखती है. उस द्वीप पर पार्टियों के दौरान यौन शोषण के कई आरोप लगे हैं. दस्तावेजों के अनुसार, एपस्टीन ने ईमेल में पूछा था कि मस्क हेलिकॉप्टर से कितने लोगों को उड़ाकर ले जाना चाहेंगे. मस्क ने जवाब दिया कि संभवतः केवल वह और उनकी तत्कालीन पार्टनर जाएंगी.

दस्तावेजों के मुताबिक मस्क ने लिखा, "हमारे द्वीप पर कौन सा दिन या रात सबसे अच्छी पार्टी वाली होगी.” यह स्पष्ट नहीं है कि ऐसी यात्राएं हुईं या नहीं. मस्क की कंपनियों टेस्ला और एक्स की ओर से टिप्पणी मांगने पर तुरंत जवाब नहीं मिला. हालांकि मस्क ने यह कहा है कि उन्होंने एपस्टीन के निमंत्रण कई बार ठुकराए. उन्होंने 2025 में एक्स पर पोस्ट किया था कि एपस्टीन ने उन्हें द्वीप पर बुलाने की कोशिश की और उन्होंने मना कर दिया.

दस्तावेजों के मुताबिक एपस्टीन ने दिसंबर 2012 में हावर्ड लट्निक को भी द्वीप पर बुलाया था. लट्निक की पत्नी ने उत्साह के साथ निमंत्रण स्वीकार किया और कहा कि वे बच्चों के साथ एक नौका से आएंगे. छह साल बाद, दोनों ने ईमेल में उन दोनों के घरों के सामने सड़क पार एक इमारत के निर्माण के बारे में बातचीत की. लट्निक ने एपस्टीन से दूरी बनाई है, उसे "घिनौना” कहा है और 2025 में कहा था कि उन्होंने दशकों पहले संबंध खत्म कर दिए थे.

ट्रंप के सहयोगियों के नाम

दस्तावेज यह भी दिखाते हैं कि एपस्टीन ने राजनीति पर स्टीव बैनन के साथ सैकड़ों मित्रतापूर्ण संदेशों का आदान प्रदान किया था. बैनन, अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के शीर्ष सलाहकारों में से हैं. संदेशों में राजनीति, यात्रा और एक डॉक्यूमेंट्री की चर्चा शामिल थी, जिसके बारे में कहा गया कि बैनन एपस्टीन की छवि बचाने में मदद के लिए योजना बना रहे थे.

मार्च 2019 में बैनन ने एपस्टीन से पूछा था कि क्या वह रोम में उन्हें लेने के लिए अपना विमान दे सकता है. कुछ महीनों बाद, एपस्टीन ने बैनन को संदेश भेजा, "अब तुम समझ सकते हो कि ट्रंप रात में पसीने से क्यों जाग जाते हैं, जब वह सुनते हैं कि तुम और मैं दोस्त हैं.”

दस्तावेजों में कई हिस्सों पर भारी कटौती की गई है और सामग्री भी साफ नहीं है, इसलिए कई संदर्भ अस्पष्ट हैं. 2018 के एक और संवाद में उस समय ट्रंप द्वारा फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पावेल को हटाने की धमकियों पर चर्चा दिखती है, जिन्हें ट्रंप ने उससे एक साल पहले ही इस पद के लिए नामित किया था.

इसी अवधि में एपस्टीन का संवाद वकील और पूर्व ओबामा सरकार में अधिकारी कैथी रूमलर के साथ भी दिखता है. गलतियों से भरे एक ईमेल में एपस्टीन ने डेमोक्रेट्स को चेताया कि वे ट्रंप को माफिया जैसे व्यक्ति के रूप में पेश करना बंद करें, जबकि उसी ईमेल में उसने राष्ट्रपति को "पागल” भी कहा. रूमलर ने एक प्रवक्ता के जरिए कहा कि निजी प्रैक्टिस के दौरान उनका एपस्टीन से पेशेवर जुड़ाव रहा और अब उन्हें "अफसोस है कि वे कभी उसे जानती थीं.”

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 01, 2026 02:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).