जरुरी जानकारी | हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 16.7 प्रतिशत बढ़कर 943.46 करोड़ रुपये
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. दोपहिया वाहन विनिर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड का बीते वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 16.7 प्रतिशत बढ़कर 943.46 करोड़ रुपये हो गया।
नयी दिल्ली, आठ मई दोपहिया वाहन विनिर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड का बीते वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ 16.7 प्रतिशत बढ़कर 943.46 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी का वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में मुनाफा 810.8 करोड़ रुपये रहा था।
हीरो मोटोकॉर्प ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 9,616.68 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी अवधि में 8,434.28 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के अनुसार, उसने वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में 13.92 लाख मोटरसाइकिल तथा स्कूटर बेचे, जबकि वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही में यह आंकड़ा 12.70 लाख इकाई था। चौथी तिमाही में कंपनी का कुल व्यय बढ़कर 8,427.36 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 7,508.94 करोड़ रुपये था।
पूरे वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी का शुद्ध लाभ 3,742.16 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2022-23 में यह 2.799.9 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष में कंपनी की परिचालन आय 37,788.62 करोड़ रुपये रही जो 2022-23 में 34,158.38 करोड़ रुपये थी।
हीरो मोटोकॉर्प ने वित्त वर्ष 2023-24 में 56.21 लाख मोटरसाइकिल तथा स्कूटर बेचे, जबकि इससे पिछले वित्त वर्ष उसने 53.29 इकाइयों की बिक्री की थी।
कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) निरंजन गुप्ता ने कहा, ‘‘ गत वर्ष में नए उत्पाद पेश करने, नेटवर्क उन्नयन तथा ग्राहक संतुष्टि पर हमारा ध्यान देना हमें नई ऊंचाइयों पर ले गया..’’
भविष्य के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘ आगे बढ़ते हुए हम उम्मीद करते हैं कि वृहद आर्थिक कारक उद्योग की वृद्धि में सहायक होंगे। जिंस की कीमतें स्थिर रहने, सामान्य मानसून की उम्मीद और सरकारी खर्च में वृद्धि की उम्मीद के साथ हम आगामी तिमाहियों में इस क्षेत्र के लिए कई अनुकूल परिस्थितियां देखते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 08, 2024 04:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

