नयी दिल्ली, दो अगस्त हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी गठबंधन साझेदार हार्ले डेविडसन के हाल में पेश मॉडल हार्ले-डेविडसन एक्स440 की कीमतों में 10,500 रुपये की बढ़ोतरी करने की बुधवार को घोषणा की।
हार्ले डेविडसन ने इस मॉडल को पिछले महीने 2.29 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर भारतीय बाजार में पेश किया था। भारतीय बाजार में हार्ले-डेविडसन की हीरो मोटोकॉर्प के साथ साझेदारी है।
अब कीमत बढ़ने के बाद हार्ले-डेविडसन एक्स440 मॉडल की कीमत 2,39,500 रुपये से शुरू होगी। कीमत में बढ़ोतरी इस मॉडल के सभी संस्करणों पर लागू होगी।
हालांकि, हीरो मोटोकॉर्प ने बयान में कहा कि हार्ले-डेविडसन एक्स440 तीन अगस्त तक 2.29 लाख रुपये के मौजूदा भाव पर ही उपलब्ध रहेगी। ग्राहक वेबसाइट पर जाकर इसकी ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं।
हीरो मोटोकॉर्प के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) निरंजन गुप्ता ने कहा, ‘‘एक्स440 मॉडल को पेश किए जाने के साथ ही बहुत जबर्दस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए इसकी उत्पादन क्षमता बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।’’
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY