एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | देहरादून-अल्मोड़ा के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को ‘उड़ान’ योजना के तहत देहरादून-अल्मोड़ा के बीच हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत की और सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट पर बने यात्री टर्मिनल भवन का लोकार्पण किया।

देश की खबरें | देहरादून-अल्मोड़ा के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू

देहरादून, 10 अक्टूबर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को ‘उड़ान’ योजना के तहत देहरादून-अल्मोड़ा के बीच हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत की और सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट पर बने यात्री टर्मिनल भवन का लोकार्पण किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में तीन नए स्थानों-यमुनोत्री, गौचर एवं जोशियाड़ा के लिए भी सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट से हवाई सेवा प्रारंभ करने की घोषणा की।

उन्होंने बताया कि इनका संचालन ‘मुख्यमंत्री उड़न खटोला योजना’ के तहत किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून-अल्मोड़ा हेलीकॉप्टर सेवा के लिए राज्य सरकार बहुत दिनों से प्रयासरत थी। उन्होंने कहा कि राज्य में पहले से ही चिन्यालीसौड़, गौचर, मुनस्यारी, श्रीनगर, हल्द्वानी और पिथौरागढ़ के लिए सेवाएं उपलब्ध हैं और इनसे निश्चित रूप से सभी को लाभ हो रहा है।

धामी ने कहा कि देहरादून से अल्मोड़ा के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से एक ओर पर्यटन, आर्थिकी, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा तो वहीं हमारी मातृशक्ति द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों को भी बाजार मिलेगा। उन्होंने कहा कि बेहतर संपर्क से सबके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

अल्मोड़ा में स्थित जागेश्वर धाम, चितई गोलू का स्थान, कटारमल सूर्य मंदिर, नंदा देवी मंदिर आदि का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हेलीकॉप्टर सेवा से पर्यटक अब आसानी से वहां जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग से यह यात्रा थोड़ी लंबी होती है लेकिन हवाई सेवा के प्रारंभ होने से लोगों को राहत मिलेगी।

उत्तराखंड जैसे कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य के लिए इन हेलीकॉप्टर सेवाओं को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से हवाई सेवा परिवहन का एक प्रमुख विकल्प बन गया है जो लोगों में बेहद लोकप्रिय भी हो रहा है।

उन्होंने कहा कि देहरादून हवाई अडडे को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जा रहा है जबकि पंतनगर हवाई अडडे के विस्तार के लिए भी 800 एकड़ से ज्यादा जमीन नागरिक उड्डयन मंत्रालय को हस्तांतरित कर दी गई है।

धामी ने कहा कि दिल्ली से पिथौरागढ़ तक उड़ान को लेकर दो परीक्षण हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आदि कैलाश, जागेश्वर धाम के दर्शन के बाद वहां श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और सरकार श्रद्धालुओं को बेहतर संपर्क सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

यहां सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट में नवनिर्मित यात्री टर्मिनल भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है जिसमें 24.82 करोड़ रु का निवेश किया गया है। इस भवन में एक समय में लगभग 400 यात्रियों के बैठने की सुविधा है।

देहरादून-अल्मोड़ा मार्ग पर पवन हंस लिमिटेड के डबल इंजन हेलीकॉप्टर के माध्यम से सेवा प्रदान की जाएगी। यह हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह में छह दिन संचालित होगी जिसका प्रति व्यक्ति किराया 4989 रुपये निर्धारित किया गया है। यह यात्रा 55 मिनट की होगी ।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 10, 2024 09:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).