Telangana Heavy Rain: तेलंगाना के कई हिस्सों में भारी बारिश, रेड्डी ने मंत्रियों और अधिकारियों के साथ आपात बैठक की
तेलंगाना में हैदराबाद सहित राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रही. वहीं मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने स्थिति का जायजा लेने के लिए मंत्रियों, अधिकारियों और सांसदों, विधायकों के साथ आपात बैठक की. रेड्डी ने बारिश से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया.
हैदराबाद, 1 सितंबर : तेलंगाना में हैदराबाद सहित राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रही. वहीं मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने स्थिति का जायजा लेने के लिए मंत्रियों, अधिकारियों और सांसदों, विधायकों के साथ आपात बैठक की. रेड्डी ने बारिश से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने मंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क , एन उत्तम कुमार रेड्डी, तुम्मला नागेश्वर राव, दामोदर राजा नरसिम्हा और जुपल्ली कृष्ण राव से फोन पर बात की तथा जलमग्न क्षेत्रों में राहत कार्यों के बारे में जानकारी ली. मौसम विभाग ने बताया कि तेलंगाना के आदिलाबाद, निर्मल, निजामाबाद, कामारेड्डी, महबूबनगर, नगरकुरनूल, वनपर्ती, नारायणपेट, जोगुलंबा गडवाल, महबूबाबाद, जनगांव में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे से दो सितंबर साढ़े आठ बजे तक भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसने इन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है. दक्षिण मध्य रेलवे (एससीआर) की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि भारी बारिश और कई स्थानों पर पटरियों पर जलभराव के कारण कई ट्रेन या तो रद्द कर दी गई हैं या आंशिक रूप से रद्द कर दी गई हैं तथा कुछ ट्रेन के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है.
राज्य में भारी बारिश के बाद कुछ जिलों में छोटी नदियां उफान पर हैं और बाढ़ के पानी के कारण गांवों का सड़क संपर्क बाधित हो गया. मौसम विभाग ने कोमाराम भीम आसिफाबाद, मंचीर्याल, जगतियल, जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, भद्राद्री कोठागुडेम, खम्मम, वारंगल, हनमकोंडा, विकाराबाद, संगारेड्डी जिले के कुछ स्थानों पर रविवार को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है. हैदराबाद में भी भारी बारिश हुई और रातभर बारिश जारी रहने के कारण राजधानी के कई हिस्सों में जलभराव हो गया. मौसम विभाग ने बताया कि हैदराबाद में मध्यम से भारी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने तथा 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. इसने रंगा रेड्डी, हैदराबाद, मेडचल, विकाराबाद और संगारेड्डी जिले में बाढ़ की चेतवानी जारी की है. मुख्यमंत्री ने शीर्ष अधिकारियों के साथ टेलीफोन पर बात की. उन्होंने मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक तथा राज्य के नगरपालिका प्रशासन , ऊर्जा, पंचायती राज, हैदराबाद आपदा मोचन बल तथा संपत्ति निगरानी और संरक्षण (एचवाईडीआरएए), सिंचाई विभागों के अधिकारियों को अगले 24 घंटे में सतर्क रहने का आदेश दिया है. यह भी पढ़ें : दिल्ली की अदालत ने अतिक्रमण मामले में पूर्व विधायक आसिफ मोहम्मद खान की याचिका खारिज की
रेड्डी ने जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों, राजस्व, सिंचाई और नगर निगम के अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित बस्तियों का दौरा करने का आदेश दिया है.
विज्ञप्ति में कहा गया है कि महत्वपूर्ण विभागों के सभी अधिकारियों को अपनी छुट्टियां रद्द करने और बारिश से तबाह जिलों में तुरंत राहत एवं बचाव कार्यों में शामिल होने का निर्देश दिया गया है. इसमें बताया गया कि मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि जब तक कोई आपातकालीन स्थिति न हो तो वे अपने घरों से बाहर न निकलें. निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों को अधिक सतर्क रहने और आपातकालीन स्थिति या किसी सहायता की आवश्यकता होने पर अधिकारियों को फोन पर सूचित करने की सलाह दी गई है. मुख्यमंत्री ने मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और विधानपरिषद के सदस्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में राहत-बचाव अभियान संचालित करने का निर्देश दिया है. एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्य में भारी बारिश की निगरानी के लिए राज्य सचिवालय में एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 01, 2024 03:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

