नयी दिल्ली, 20 अप्रैल सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज ने बीते वित्त वर्ष (2022-23) की मार्च में समाप्त चौथी तिमाही में 3,983 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया है, जो एक साल पहले की समान अवधि की तुलना में 10.85 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को जनवरी-मार्च, 2023 के वित्तीय परिणाम जारी करते हुए कहा कि इस अवधि में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 3,983 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 3,599 करोड़ रुपये था।
हालांकि दिसंबर, 2022 तिमाही की तुलना में एचसीएल टेक का शुद्ध लाभ करीब तीन प्रतिशत घट गया है। बीते वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कंपनी ने 4,096 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
कंपनी ने शेयर बाजारों को दी गई सूचना में कहा कि बीते वित्त वर्ष की चौथी एवं अंतिम तिमाही में उसकी परिचालन आय करीब 18 प्रतिशत बढ़कर 26,606 करोड़ रुपये हो गई। मार्च, 2022 की तिमाही में यह 22,597 करोड़ रुपये रही थी।
हालांकि, अक्टूबर-दिसंबर, 2022 तिमाही की तुलना में कंपनी की आय घट गई है। अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी की आय 26,700 करोड़ रुपये रही थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY