देश की खबरें | हरियाणा हिंसा : विहिप ने दिल्ली में कई जगहों पर विरोध-प्रदर्शन किया

नयी दिल्ली, दो अगस्त दिल्ली पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने हरियाणा में हुई हालिया हिंसा के खिलाफ बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में प्रदर्शन किया।

भगवा रंग के झंडे लेकर और ‘जय श्री राम’, ‘हर हर महादेव’ तथा ‘वंदे मातरम’ के नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने बदरपुर बॉर्डर पर सड़क को अवरुद्ध कर दिया।

बदरपुर बॉर्डर पर प्रदर्शनकारियों के धरने के कारण लंबा जाम लग गया, जिससे फरीदाबाद से दिल्ली की ओर यातायात अवरूद्ध हो गया।

दिल्ली पुलिस ने शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है तथा विरोध-प्रदर्शनों और अन्य गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर उनके लिए सुरक्षा की दृष्टि से अगस्त एक संवेदनशील महीना है और सितंबर में शहर में होने जा रहे जी-20 शिखर सम्मेलन के कारण वे इस बार विशेष रूप से सतर्क हैं।

विहिप और उसके सहयोगी संगठनों के प्रदर्शन के कारण दिल्ली में कई स्थानों पर यातायात अवरूद्ध हो गया।

बजरंग दल के समर्थक पूर्वी दिल्ली में निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन के समीप हनुमान चालीसा पढ़ते देखे गए। बाद में, उन्होंने विकास मार्ग अवरुद्ध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें हटा दिया।

उत्तर-पूर्वी जिले में बजरंग दल के समर्थकों ने प्रदर्शन किया और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए।

उच्चतम न्यायालय ने बुधवार को केंद्र और संबंधित राज्य सरकारों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि हरियाणा के नूंह में सांप्रदायिक हिंसा के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल द्वारा निकाले जा रहे मार्च के दौरान दिल्ली-एनसीआर में कोई नफरती भाषण न दिया जाए और ना ही किसी तरह की हिंसा हो।

पीटीआई-वीडियो से बातचीत करते हुए, दिल्ली पुलिस की जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) सुमन नलवा ने कहा कि बल सोशल मीडिया पर नजर रख रहे हैं और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में जवानों की तैनात की गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा देखा गया है कि व्हाट्सऐप और सोशल मीडिया पर गलत संदेशों के कारण हिंसा भड़कती है। हम सोशल मीडिया पर नजर रख रहे हैं। संवेदनशील स्थानों पर गश्त की जा रही है, जबकि जिला पुलिस विभिन्न धार्मिक नेताओं के संपर्क में है।’’

वहीं, दिल्ली से लगे नोएडा में भी विहिप ने प्रदर्शन किया और हिंसा के दौरान मारे गए अपने दो सदस्यों के परिजन के लिए मुआवजे की मांग की। संगठन का दावा है कि हिंसा में उसके दो सदस्य मारे गए हैं।

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद विहिप ने विरोध-प्रदर्शन किया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बुधवार को कहा कि हिंसा में दो होम गार्ड और एक मौलवी सहित छह लोग मारे गए हैं और इस मामले में अब तक 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)