देश की खबरें | हरियाणा हिंसा : 393 लोग पकड़े, 160 प्राथमिकी दर्ज, नूंह में इंटरनेट और एसएमएस सेवा पर रोक बढ़ी

चंडीगढ़/गुरुग्राम, 11 अगस्त हरियाणा सरकार ने शांति भंग और सार्वजनिक व्यवस्था को बिगड़ने से रोकने के लिए शुक्रवार शाम को नूंह जिले में मोबाइल इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं के निलंबन को 13 अगस्त रात 11.59 बजे तक बढ़ा दिया। नूंह जिले में पहले शुक्रवार रात 11.59 तक इंटरनेट और एसएमएस सेवाओं पर प्रतिबंध लगाया गया था।

हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टी.वी. एस. एन. प्रसाद द्वारा शुक्रवार को जारी एक आदेश में बताया गया, '' नूंह उपायुक्त द्वारा मेरे संज्ञान में लाया गया है कि जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई है और हालात अभी भी गंभीर और तनावपूर्ण बने हुए हैं।''

हरियाणा में इस महीने की शुरुआत में हुई सांप्रदायिक हिंसा के संबंध में कुल 393 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 118 अन्य को हिरासत में लिया गया है।

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि हरियाणा के नूंह, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, रेवाड़ी, पानीपत, भिवानी और हिसार में 160 प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं।

नूंह के पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र बिजारणिया ने बताया कि ब्रज मंडल हिंसा मामले के संबंध में जिले में 59 प्राथमिकियां दर्ज कर 218 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वहीं, नूंह में पिछले महीने सांप्रदायिक हिंसा की वजह से अवरुद्ध हुई यात्रा को पूरा करने के लिए कुछ हिंदू समूहों के आह्वान के मद्देनजर गुरुग्राम पुलिस ने शुक्रवार को लोगों से बिना मंजूरी के जुलूस या फिर कोई रैली नहीं निकालने की अपील की।

गौरतलब है कि नूंह में 31 जुलाई को विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) की 'ब्रज मंडल यात्रा' पर भीड़ ने हमला कर दिया था, जिसके बाद भड़की सांप्रदायिक हिंसा में छह लोगों की मौत हुई थी।

वीएचपी के मंडल मंत्री देवेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को पीटीआई- को बताया, ''सभी हिंदू समूहों ने 28 अगस्त को उस यात्रा को पूरा करने का फैसला किया है, जिसपर 31 जुलाई को नूंह में हमला हुआ था। उम्मीद है कि यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ पूरी होगी।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)