एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भाजपा शासन के दौरान हरियाणा कई क्षेत्रों में पिछड़ गया : कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साढ़े नौ साल के शासन के दौरान हरियाणा प्रति व्यक्ति आय और कानून व्यवस्था सहित विभिन्न मापदंडों में पिछड़ गया। इसके साथ ही उसने भाजपा को ‘झूठ’ बोलने वाली पार्टी करार दिया।

देश की खबरें | भाजपा शासन के दौरान हरियाणा कई क्षेत्रों में पिछड़ गया : कांग्रेस

रोहतक (हरियाणा), 17 मार्च कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साढ़े नौ साल के शासन के दौरान हरियाणा प्रति व्यक्ति आय और कानून व्यवस्था सहित विभिन्न मापदंडों में पिछड़ गया। इसके साथ ही उसने भाजपा को ‘झूठ’ बोलने वाली पार्टी करार दिया।

निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव की घोषणा के एक दिन बाद कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने महम की नयी अनाज मंडी में आयोजित जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा नीत सरकारों को बदलने का समय आ गया है।’’

हरियाणा की 10 लोकसभा सीट के लिए छठे चरण में 25 मई को मतदान होगा। राज्य में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देखना दुखद है कि हरियाणा, जो ‘‘प्रति व्यक्ति आय और प्रति व्यक्ति निवेश में पहले स्थान पर था, कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर और खेलों में अच्छा प्रदर्शन कर रहा था, और रोजगार प्रदान कर रहा था, अब विभिन्न क्षेत्रों में पिछड़ गया है’’।

हुड्डा ने आरोप लगाया, ‘‘आज हरियाणा बेरोजगारी से जूझ रहा है, अपराध बढ़ रहा है, नशे की समस्या है, भ्रष्टाचार में प्रदेश पहले स्थान पर पहुंच गया है। भारत सरकार द्वारा जारी सामाजिक प्रगति सूचकांक में कहा गया है कि हरियाणा सबसे असुरक्षित राज्यों में से एक है।’’

उन्होंने कहा कि अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद ‘‘हरियाणा में सत्ता परिवर्तन निश्चित है।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर बुजुर्गों को 6,000 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी, हर परिवार को 300 यूनिट (मासिक) बिजली मुफ्त दी जाएगी, महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जाएगा... गरीब परिवारों को 100 वर्ग गज जमीन मुफ्त में दी जाएगी और उन भूखंडों पर मकान बनाए जाएंगे।’’

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान ने रैली को संबोधित करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है। उसने जनता से किया गया कोई भी वादा पूरा नहीं किया, जबकि कांग्रेस जो कहती है उसे पूरा करती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की सरकार बनने पर फसलों के लिए एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) की गारंटी के साथ-साथ कृषि ऋण माफ कर किसानों को राहत दी जाएगी।’’

कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने साढ़े नौ साल पुरानी सरकार की विफलता का दोष (पूर्व) मुख्यमंत्री (मनोहर लाल खट्टर) पर डालकर उन्हें बदल दिया। इस बदलाव से काम नहीं चलेगा और लोग पूरी भाजपा सरकार को बदल देंगे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 17, 2024 09:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).