देश की खबरें | हरियाणा सुरक्षित है, किसी को इसकी चिंता नहीं करनी चाहिए: मान की टिप्पणी पर मनोहर लाल ने कहा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को कहा कि राज्य सुरक्षित है और किसी को भी इसके बारे में चिंता नहीं करनी चाहिए।

चंडीगढ़, 27 अगस्त हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को कहा कि राज्य सुरक्षित है और किसी को भी इसके बारे में चिंता नहीं करनी चाहिए।

इसके एक दिन पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित मणिपुर और हरियाणा के राज्यपाल वहां कानून-व्यवस्था की स्थिति पर ‘‘चुप’’ हैं।

मान ने यह टिप्पणी पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित द्वारा राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की ‘‘चेतावनी’’ दिए जाने के बाद शनिवार को की।

पंजाब के मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर एक सवाल का जवाब देते हुए मनोहर लाल ने रविवार को कहा, ‘‘हरियाणा सुरक्षित है और किसी को इसके बारे में चिंता नहीं करनी चाहिए। अगर राष्ट्रपति शासन (लगाने) की बात है, तो यह वहां (पंजाब) के लिए है।’’

मान ने कहा था कि आम आदमी पार्टी (आप) नीत उनकी सरकार मादक पदार्थों की समस्या से निपटने के लिए लगातार कदम उठा रही है तथा तस्करों की संपत्तियों को जब्त कर रही है, छापे मार रही है और गैंगस्टर रोधी टास्क फोर्स के गठन के साथ गैंगस्टर के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, लेकिन राज्यपाल का दावा है कि राज्य में कानून व्यवस्था ठीक नहीं है।

उन्होंने कहा था, ‘‘मैं राज्यपाल साहब से पूछना चाहता हूं कि क्या उन्होंने हरियाणा के नूंह में जो कुछ हुआ, सांप्रदायिक झड़पें और हिंसा हुई और कर्फ्यू लगाना पड़ा, उसके संबंध में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को कोई नोटिस जारी किया है? क्या हरियाणा के राज्यपाल ने मनोहर लाल को कोई पत्र लिखा है? नहीं, क्योंकि केंद्र में उनकी सरकार है।’’

पंजाब के राज्यपाल, मान पर उन्हें भेजे गए पत्रों का जवाब नहीं देने का आरोप लगाते रहे हैं। पुरोहित ने शुक्रवार को मान सरकार को चेतावनी दी थी कि अगर उनके पत्रों का जवाब नहीं दिया गया तो वह राज्य में राष्ट्रपति शासन की सिफारिश कर सकते हैं और आपराधिक कार्यवाही भी शुरू कर सकते हैं।

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की शोभायात्रा पर 31 जुलाई को भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद हरियाणा के नूंह और इसके आसपास के इलाकों में हुई सांप्रदायिक झड़पों में होम गार्ड के दो जवानों और एक इमाम सहित छह लोग मारे गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\