एजेंसी न्यूज

Haryana-Nuh Clashes: हरियाणा सरकार ने नूंह में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरएएफ की 20 कंपनी भेजने की मांग

हरियाणा सरकार ने नूंह जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद के लिए केंद्र से एक सप्ताह के लिए त्वरित कार्यबल (आरएएफ) की 20 कंपनी भेजने की मांग की है.

Haryana-Nuh Clashes: हरियाणा सरकार ने नूंह में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरएएफ की 20 कंपनी भेजने की मांग
NUH Violence (Photo Credit: Twitter)

चंडीगढ़, एक अगस्त: हरियाणा सरकार ने नूंह जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद के लिए केंद्र से एक सप्ताह के लिए त्वरित कार्यबल (आरएएफ) की 20 कंपनी भेजने की मांग की है. हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) टी वी एस एन प्रसाद ने केंद्रीय गृह सचिव को लिखे एक पत्र में 31 जुलाई से एक सप्ताह के लिए आरएएफ की 20 कंपनी ‘‘तत्काल’’ मुहैया कराए जाने की मांग की है. यह भी पढ़ें: Nuh Violence: हरियाणा में हिंसा की आग, नूहं में कर्फ्यू, स्कूल-इंटरनेट बंद; गुरुग्राम तक धारा 144 लागू

पुलिस ने बताया कि नूंह जिले में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जुलूस को रोकने की कोशिश करने पर भड़की हिंसा गुरुग्राम में भी फैल गई और भीड़ ने शहर के सेक्टर-57 में 26 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या कर दी और एक मस्जिद में आग लगा दी. पुलिस के अनुसार, भीड़ ने गोलियां चलाईं, जिसके कारण दो लोग घायल हो गए और इनमें से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान बिहार निवासी साद के रूप में की गई है. उन्होंने कहा कि नूंह में भड़की हिंसा के कारण पैदा हुए ‘‘गंभीर सांप्रदायिक तनाव’’ के बीच यह राज्य में हुई तीसरी मौत है. पुलिस ने बताया कि भीड़ आधी रात के बाद सेक्टर-57 स्थित अंजुमन मस्जिद पहुंची और कुछ लोगों ने मस्जिद में मौजूद लोगों पर गोलीबारी की और परिसर में आग लगा दी.

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि इससे पहले नूंह जिले में भीड़ ने विहिप के जुलूस को रोकने की कोशिश की, पथराव किया और कारों में आग लगा दी. उन्होंने बताया कि हिंसा में होमगार्ड के दो जवानों की मौत हो गई और पुलिसकर्मियों समेत 15 लोग घायल हो गए.

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बताया कि वह हरियाणा में केंद्रीय बलों की 15 अतिरिक्त कंपनी भेज रहा है. मुस्लिम बहुल नूंह में हिंसा की खबर फैलते ही, निकटवर्ती सोहना में भीड़ ने चार वाहनों और एक दुकान को आग लगा दी थी.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 01, 2023 10:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).