देश की खबरें | हरियाणा: मुख्यमंत्री ने एक लाख से अधिक श्रमिकों को 79.69 करोड़ रुपये वितरित किए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को 18 योजनाओं के तहत एक लाख से अधिक श्रमिकों के खातों में 79.69 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए और उनके लिए दो नयी योजनाएं शुरू कीं।
चंडीगढ़, 19 जून हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को 18 योजनाओं के तहत एक लाख से अधिक श्रमिकों के खातों में 79.69 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए और उनके लिए दो नयी योजनाएं शुरू कीं।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि सैनी ने जींद में आयोजित 'श्रमिक जागरुकता एवं सम्मान समारोह' के दौरान श्रमिकों के लिए दो योजनाओं की शुरुआत की।
हरियाणा में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
कार्यक्रम के दौरान सैनी ने 18 योजनाओं के तहत 1,02,629 श्रमिकों के खातों में सीधे 79.69 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए।
नयी योजनाओं की शुरुआत करते हुए सैनी ने कहा कि 'कन्यादान एवं विवाह सहायता योजना' के तहत श्रमिकों को उनकी बेटियों की शादी के लिए 1.01 लाख रुपये मिलेंगे, जिसमें 75 प्रतिशत राशि शादी से तीन दिन पहले दी जाएगी।
इसमें कहा गया है, "मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई अन्य पहल में मुख्यमंत्री श्रमिक पंजीकरण प्रोत्साहन योजना शामिल है जो पंजीकरण पर श्रमिकों को 1,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने का प्रावधान करता है।"
इस अवसर पर सैनी ने पंजीकृत श्रमिकों को सरकारी खर्च पर तीर्थयात्रा कराने की एक योजना की भी घोषणा की।
बयान में कहा गया है कि इसके तहत सरकार अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन करने वाले पंजीकृत श्रमिकों को वातानुकूलित बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा प्रदान करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)