देश की खबरें | हरियाणा : सोनीपत में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या

चंडीगढ़, 15 मार्च हरियाणा के सोनीपत जिले में कथित तौर पर भूमि विवाद के कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान सोनीपत में भाजपा के मुंडलाना मंडल के अध्यक्ष सुरेन्द्र जवाहर के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि जवाहर 'नंबरदार' या गांव के मुखिया के तौर पर भी काम करते थे और भूमि राजस्व संग्रह और भूमि अभिलेखों के रखरखाव के लिए जिम्मेदार थे। पुलिस के अनुसार, जवाहर की हत्या भूमि विवाद का नतीजा प्रतीत होती है।

पुलिस ने बताया कि हमलावर की पहचान मोनू के रूप में हुई है, जिसने शुक्रवार रात जवाहर पर कथित तौर पर गोलियां चलाईं। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में जवाहर जान बचाने के लिए एक दुकान में घुसते दिखते हैं, हमलावर ने उनका पीछा किया और उन्हें गोली मार दी।

सहायक पुलिस आयुक्त (गोहाना) ऋषिकांत ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीम गठित की गई हैं।

एसीपी ने कहा, "जवाहर ने मोनू के चाचा और चाची से जमीन का एक टुकड़ा खरीदा था। इस पर उनके बीच विवाद हुआ, जिसके कारण जवाहर की हत्या कर दी गई।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)