देश की खबरें | हरियाणा: आवासीय इलाकों में संचालित 19 वाणिज्यिक प्रतिष्ठान सील

गुरुग्राम, 21 अगस्त हरियाणा में नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग की प्रवर्तन शाखा ने सोमवार को डीएलएफ फेस 3 में निजी आवासीय कॉलोनियों में अवैध रूप से संचालित 19 वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के विरोध के बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बीच लगभग सात मकानों की विभिन्न मंजिलों पर संचालित इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया।

अभियान देर शाम तक जारी रहा।

अधिकारी ने कहा कि इन सभी प्रतिष्ठानों के संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब देने के लिये कहा गया था और कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सीलिंग अभियान चलाया गया।

उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां हरियाणा शहरी विकास अधिनियम, 1975 का उल्लंघन हैं।

एक वरिष्ठ अधिकारी मनीष यादव ने कहा, "सभी लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में सीलिंग अभियान जारी रहेगा। महानिदेशक (नगर आयोजना) टी.एल. सत्यप्रकाश ने कार्रवाई करने के सख्त आदेश जारी किए हैं। हम अदालती मामलों में भी विभाग की ओर से पैरवी कर रहे हैं।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)