देश की खबरें | जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने आए नेताओं को उपहार में हस्तनिर्मित कलाकृतियां उपहार में दी गईं

नयी दिल्ली, 12 सितंबर राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने आए दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों और अन्य नेताओं को हस्तनिर्मित कलाकृतियों और उत्पादों के विशेष रूप से तैयार संग्रह उपहार में दिये गये, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाता है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि कुछ उपहार देश के कुशल कारीगरों द्वारा सावधानीपूर्वक हाथ से तैयार किए गए थे।

उन्होंने कहा कि उपहार में दी गई वस्तुओं में कश्मीर के केसर, पेको दार्जिलिंग और नीलगिरि चाय, अराकू कॉफी, कश्मीरी पश्मीना शॉल, सुंदरबन मल्टीफ्लोरा मैंग्रोव शहद और उत्तर प्रदेश के कन्नौज के जिघराना इत्र शामिल हैं।

राष्ट्रीय राजधानी स्थित प्रगति मैदान के नवनिर्मित भारत मंडपम में नौ से दस सितंबर तक जी20 शिखर सम्मेलन का आयोजन हुआ था। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सहित विश्व के कई अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया था।

अधिकारियों ने कहा कि भारत सरकार ने विभिन्न देशों से आए नेताओं को हस्तनिर्मित कलाकृतियों और उत्पादों के विशेष रूप से तैयार संग्रह उपहार में दिये, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के बारे में बताता है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "उन्हें उपहार में दिए गए कुछ उत्पाद सदियों पुरानी परंपरा के हैं और अपनी अद्वितीय कारीगरी और गुणवत्ता के लिए दुनिया भर में पसंद किए जाते हैं।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)