विदेश की खबरें | हैती को तत्काल अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा तथा मानवीय सहायता की जरूरत : संरा प्रमुख
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

गुतारेस ने एक दिन की अपनी यात्रा के दौरान हैती के प्रधानमंत्री एरियल हेनरी, नागरिक समूहों की प्रमुख शख्सियतों, संयुक्त राष्ट्र के कर्मचारियों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात की।

उन्होंने कहा, ‘‘यह वक्त हैती को भुला देने का या उसके लोगों के प्रति एकजुटता को कमजोर करने का नहीं हैं।’’

गुतारेस ने हैती के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत की। इस दौरान संवाददाताओं ने उनसे प्रश्न किया कि हैती के प्रधानमंत्री ने पिछले वर्ष अक्टूबर में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बलों को तैनात करने का अनुरोध किया था, तो क्या ऐसे बलों की तैनाती की जाएगी अथवा नहीं।

इस पर गुतारेस ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री हेनरी से इस मुद्दे पर तथा निष्पक्ष चुनाव कराने की आवश्यकता के संबंध में बातचीत की है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं यहां हैती के लोगों को यह बताने नहीं आया कि उन्हें क्या करना चाहिए। मैं यहां उनकी बात सुनने आया हूं। हैती को जितना जल्दी हो सके लोकतांत्रिक व्यवस्था की ओर लौटना चाहिए।’’

जुलाई 2021 में राष्ट्रपति जोवेनल मोइसे की हत्या के बाद से हेनरी देश की कमान संभाल रहे हैं और उन पर चुनाव कराने का दबाव है। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि देश में हिंसा के जो हालात हैं उन्हें देखते हुए चुनाव करा पाना लगभग असंभव हैं। देश की राजधानी के 80 फीसदी हिस्से पर विभिन्न गिरोहों का कब्जा है।

देश में अक्टूबर 2019 में चुनाव हुए थे।

गुतारेस ने कहा कि हैती में गरीबी बढ़ रही है और भुखमरी के मामले बढ़ रहे हैं इसलिए इसे मानवीय सहायता की तत्काल आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि गिरोह सामानों की आवाजाही रोक रहे हैं साथ ही जल, खाद्य पदार्थ तथा स्वास्थ्य देखभाल तक पहुंच को भी नियंत्रित कर रहे हैं।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने कहा, ‘‘ हैती में हर दूसरा व्यक्ति घोर गरीबी में जी रहा है, भुखमरी का और पेयजल संकट का सामना कर रहा है।’’

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ही संयुक्त राष्ट्र मानवीय अभियानों के प्रमुख ने हैती की यात्रा की थी और यहां अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बलों को तैनात करने की मांग की थी, उनकी यात्रा के बाद गुतारेस की यह यात्रा हुई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)