देश की खबरें | गुरुग्राम : व्यक्ति ने ‘ब्लैकमेल’ कर रही पूर्व महिला मित्र की हत्या की

गुरुग्राम, 27 मई दिल्ली से सटे गुरुग्राम में एक व्यक्ति द्वारा पीजी में अपनी पूर्व महिला मित्र की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने व्यक्ति पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुद पुलिस को शनिवार रात को घटना को अंजाम देने की सूचना दी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि 32 वर्षीय मृतका महाराष्ट्र से आरोपी के गुरुग्राम स्थित पीजी (छात्रावास) में मिलने आई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी सूरज वर्मा (28) ने दावा किया कि महिला ने उसके खिलाफ 2023 में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था और ‘समझौता’ होने के बाद वह जमानत पर जेल से बाहर था।

पुलिस ने वर्मा के हवाले से बताया कि महिला आरोपी को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रही थी।

सदर पुलिस थाना के प्रभारी एवं निरीक्षक अर्जुन देव ने बताया, ‘‘आरोपी और मृत महिला का का पूर्व में प्रेम प्रसंग था और महिला ने पिछले साल महाराष्ट्र में पुरुष के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी ने दावा किया कि महिला उसे ब्लैकमेल कर रही थी और इसकी जांच की जा रही है। आरोपी को आज शहर की एक अदालत के समक्ष पेश किया गया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।’’

पुलिस ने बताया कि वर्मा महाराष्ट्र के अकोला का निवासी है जबकि मृतका भी अकोला की ही रहने वाली थी। आरोपी यहां एक निजी कंपनी में काम करता था और टिकली गांव स्थित पीजी में रहता था।

पुलिस ने बताया कि वर्मा ने शनिवार रात करीब आठ बजे फोन कर बताया कि उसने महिला की हत्या कर दी है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि खून से लथपथ महिला का शव पड़ा है। इसके बाद वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)