दाहोद (गुजरात), सात मई गुजरात के दाहोद कस्बे में एक शिक्षक के तबादले के आवेदन पर कार्रवाई करने के लिए एक लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में रविवार को एक शिक्षा अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने यह जानकारी दी।
दरअसल, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) सह प्रभारी जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी (डीपीईओ) ने चार लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी और शिकायतकर्ता शिक्षक से दो लाख रुपये पहले ही स्वीकार कर लिये थे।
एसीबी के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें डीपीईओ कार्यालय के बाहर अपने सरकारी वाहन में एक लाख रुपये (शेष दो लाख रुपये में से) की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने कहा कि दाहोद जिले के पानम में एक आवासीय विद्यालय में कार्यरत शिक्षक फतेहपुरा के एक स्कूल में स्थानांतरित होना चाहता था और उसने इसके लिए आवेदन किया था।
डीईओ ने शुरू में शिक्षक से पांच लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन बातचीत के बाद राशि को घटाकर चार लाख रुपये कर दिया गया और शिकायतकर्ता ने उन्हें दो लाख रुपये का भुगतान किया।
चूंकि शिक्षक और पैसा नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने एसीबी से संपर्क किया।
आरोपी शिक्षा अधिकारी को भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY