देश की खबरें | गुजरात सरकार ने ऑटो-रिक्शा का किराया बढ़ाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गुजरात सरकार ने राज्य में ऑटो-रिक्शा के किराए में दो रुपये की वृद्धि को बुधवार को मंजूरी दे दी।

अहमदाबाद, आठ जून गुजरात सरकार ने राज्य में ऑटो-रिक्शा के किराए में दो रुपये की वृद्धि को बुधवार को मंजूरी दे दी।

राज्य में वाहन संघों द्वारा किराये में वृद्धि की मांग की जा रही थी जिसके मद्देनजर सरकार ने यह घोषणा की।

राज्य के परिवहन मंत्री पूर्णेश मोदी ने विभिन्न ऑटो-रिक्शा संघों के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद यह घोषणा की कि न्यूनतम किराया मौजूदा 18 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये कर दिया गया है, और इसके बाद प्रत्येक किलोमीटर के लिए किराए को वर्तमान 13 रुपये से बढ़ाकर 15 रुपये कर दिया गया है।

मोदी ने गांधीनगर में पत्रकारों से कहा, ‘‘हालांकि यूनियनों ने मांग की थी कि न्यूनतम किराया 30 रुपये तक बढ़ाया जाए। लेकिन हमने वर्तमान में केवल दो रुपये की बढ़ोतरी कर किराये को 18 रुपये से 20 रुपये करने की मंजूरी दी है। इसी तरह, हमने प्रति किलोमीटर के वास्ते किराए में दो रुपये की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। नई दरें 10 जून से लागू होंगी।’’

उन्होंने कहा कि संघों ने भी नई किराया दरों पर सहमति जताई है और उसी के संबंध में समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।

नया किराया 31 मार्च, 2023 तक लागू रहेगा, और संघों ने उस तारीख से पहले कोई और वृद्धि नहीं किये जाने या कोई आंदोलन शुरू नहीं करने पर सहमति व्यक्त की है।

मंत्री ने कहा, ‘‘हम किराए में बढ़ोतरी के मुद्दे का एक सौहार्दपूर्ण समाधान लेकर आए हैं। नई दरों के लागू होने से ऑटो-रिक्शा चालकों को प्रति दिन लगभग 100 रुपये अधिक कमाने में मदद मिलेगी। हमने वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए निर्णय लिया है।’’

गौरतलब है कि इससे पहले, राज्य में ऑटो किराए को पिछले साल नवंबर में संशोधित किया गया था, जब न्यूनतम शुल्क 15 रुपये से बढ़ाकर 18 रुपये और इसके बाद प्रतिकिलोमीटर के लिए किराया 10 रुपये से बढ़ाकर 13 रुपये कर दिया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\