देश की खबरें | गुजरात: जूनागढ़ नगर निकाय में 44 प्रतिशत मतदान, 66 नगर पालिकाओं में 61.65 प्रतिशत मतदान

अहमदाबाद, 17 फरवरी गुजरात के जूनागढ़ नगर निगम (जेएमसी) चुनाव में कुल 44.32 प्रतिशत मतदान हुआ। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि गुजरात की 66 नगरपालिकाओं में 61.65 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि बोटाद और वांकानेर नगरपालिकाओं में कराए गए मध्यावधि चुनाव में 35.25 प्रतिशत मतदान हुआ।

जूनागढ़ नगर निगम, 66 नगर पालिकाओं और तीन तालुका पंचायतों में रविवार को चुनाव कराए गए थे। वहीं, बोटाद और वांकानेर नगर पालिकाओं में मध्यावधि चुनाव कराए गए थे, जबकि विभिन्न कारणों से रिक्त पड़ी विभिन्न स्थानीय और शहरी निकायों की 106 सीट पर उपचुनाव हुए थे।

गुजरात के निर्वाचन आयोग ने बताया कि जूनागढ़ नगर निगम में 44.32 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि गांधीनगर, कपड़वंज और कठलाल तालुका पंचायत में 65.07 प्रतिशत मतदान हुआ।

एसईसी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि मतों की गिनती मंगलवार को होगी और दोपहर तक परिणाम घोषित किए जा सकते हैं।

गुजरात सरकार द्वारा पंचायतों, नगर पालिकाओं और नगर निगमों में साल 2023 में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 27 प्रतिशत कोटा घोषित किए जाने के बाद पहली बार स्थानीय निकाय चुनाव कराए गए थे।

एसईसी ने बताया कि कुल 213 सीट पर उम्मीदवार ‘निर्विरोध’ चुनाव जीत गए क्योंकि प्रत्येक सीट के लिए केवल एक उम्मीदवार मैदान में रह गया जबकि अन्य सभी ने अपना नामांकन वापस ले लिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)