देश की खबरें | दागी अधिकारियों की गिरफ्तारी के दिन ही ग्रेनेड विस्फोट होना 'अजीब संयोग' : असम डीजीपी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जी पी सिंह ने कहा कि यह अजीब संयोग है कि जिस दिन एपीएससी में 'नौकरियों के बदले नकदी' घोटाले में आरोपी अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया, उसी दिन सेना के शिविर के बाहर ग्रेनेड विस्फोट हुआ।

गुवाहाटी, 23 नवंबर असम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जी पी सिंह ने कहा कि यह अजीब संयोग है कि जिस दिन एपीएससी में 'नौकरियों के बदले नकदी' घोटाले में आरोपी अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया, उसी दिन सेना के शिविर के बाहर ग्रेनेड विस्फोट हुआ।

डीजीपी ने कहा कि यह दर्शाता है कि विस्फोट जांच से ध्यान भटकाने की एक कोशिश थी, लेकिन हम घोटाले की तह तक पहुंच इसके दोषियों को दंडित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

असम के तिनसुकिया जिले के डिराक में बुधवार को सेना के एक शिविर के गेट के बाहर दो मोटरसाइकिल सवार लोगों ने ग्रेनेड फेंका था। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था।

उसी दिन, पुलिस ने असम लोक सेवा आयोग (एपीएससी) द्वारा आयोजित संयुक्त लोक सेवा परीक्षाओं में 'नकदी के बदले नौकरी' घोटाले में कथित रूप से शामिल असम लोक सेवा (एपीएस) के दो अधिकारियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में एक अन्य अधिकारी को बृहस्पतिवार को हिरासत में लिया गया था।

डीजीपी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ यह एक अजीब संयोग है कि जिस दिन असम सरकार और पुलिस एपीएससी घोटाले के मामले में नये सिरे से कार्रवाई शुरू करती है, उसी दिन असम के तिनसुकिया जिले में बदमाशों द्वारा एक छोटा सा विस्फोट किया जाता है। यह एपीएससी घोटाले की जांच से पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान हटाने की कोशिश प्रतीत होती है। ऐसे उपद्रवी और संगठन हमेशा असम को बेहतर बनाने के प्रयासों को दबाने की कोशिश करेंगे।’’

साथ ही उन्होंने कहा कि हम अपराधियों को चिह्नित कर उन्हें दंडित करेंगे और हम घोटाले की तह तक पहुंचकर इसमें शामिल लोगों को दंडित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now