देश की खबरें | कृषि कानूनों के खिलाफ बिहार में महागठबंधन मानव श्रृंखला आयोजित करेगा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार में विपक्षी महागठबंधन ने शुक्रवार को घोषणा की कि कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए वह शनिवार को राज्य भर में एक मानव श्रृंखला आयोजित करेगा।
पटना, 29 जनवरी बिहार में विपक्षी महागठबंधन ने शुक्रवार को घोषणा की कि कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए वह शनिवार को राज्य भर में एक मानव श्रृंखला आयोजित करेगा।
विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कृषि कानूनों पर उनकी "चुप्पी" पर सवाल उठाया।
यादव ने कहा, "हम मुख्यमंत्री के इस रवैये से चकित हैं। क्या उन्हें लगता है कि आंदोलनकारी किसानों को सड़कों पर मारना उचित है या क्या वे भाजपा के रुख को सही मानते हैं कि वे गलती कर रहे हैं? ...... यह विश्वास करना कठिन है कि नीतीश कुमार समाजवादी आंदोलन से निकले हुए हैं।’’
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने खेद प्रकट किया कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंदोलनरत किसानों के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए एक ट्वीट तक नहीं की, जिनमें से कई ने प्रदर्शन के दौरान अपनी जान गवां दी। भीषण ठंड के बावजूद किसान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
बिहार में करीब डेढ़ दशक से पहले एपीएमसी को खत्म करने के लिए राजग सरकार की आलोचना करने वाले यादव ने आरोप लगाया, "इसने किसानों को मजदूर बना दिया। केंद्रीय कानून किसानों को भिखारी बना देंगे।"
कुमार की सरकार ने 2006 में कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी) अधिनियम को समाप्त कर दिया था और मंडी प्रणाली को भी समाप्त कर दिया था।
कृष्ण
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)