देश की खबरें | सरकार को आतंकवाद के खिलाफ पूर्ण पैमाने पर युद्ध शुरू करना चाहिए: जम्मू-कश्मीर कांग्रेस

जम्मू, आठ जुलाई कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर ने सोमवार को कठुआ में आतंकवादी हमले के बाद जम्मू क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से सुरक्षाकर्मियों और आम लोगों की जान की रक्षा के लिए "आतंकवाद के खिलाफ पूर्ण पैमाने पर युद्ध" शुरू करने का आग्रह किया।

जम्मू-कश्मीर में कठुआ जिले के माचेडी इलाके में सोमवार को सेना के एक ट्रक पर घात लगाकर किये गए आतंकवादियों के हमले में जूनियर कमीशन अधिकारी (जेसीओ) समेत पांच जवान शहीद हो गए और पांच अन्य घायल हुए हैं।

जम्मू क्षेत्र में एक महीने में हुए पांचवें आतंकवादी हमले की व्यापक निंदा की गई तथा राजनीतिक नेताओं ने विशेष रूप से जम्मू क्षेत्र में बढ़ती आतंकवादी घटनाओं पर चिंता व्यक्त की, जहां दो दशक पहले आतंकवाद का सफाया हो गया था, लेकिन अब दहशतगर्दी फिर से अपना सिर उठा रही है।

कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई ने कठुआ में हुए आतंकवादी हमले को चौंकाने वाला और असहनीय बताया।

जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख विकार रसूल वानी ने कहा, "हम जम्मू क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हैं। यह जरूरी है कि सरकार निर्णायक कार्रवाई करे।"

उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ व्यापक अभियान की आवश्यकता पर बल दिया और कहा, "सरकार को हमारे सशस्त्र बलों, सुरक्षाकर्मियों, पुलिस और नागरिकों के जीवन की सुरक्षा के लिए आतंकवाद के खिलाफ पूर्ण पैमाने पर युद्ध शुरू करना चाहिए।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)