जयपुर, 21 अगस्त राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अनेक नेताओं ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल रहे कल्याण सिंह का शनिवार शाम लंबी बीमारी के बाद लखनऊ में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे।
राज्यपाल मिश्र ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनका निधन राजनीति के एक युग का अवसान है।
मिश्र ने उन्हें याद करते हुए कहा कि राजनीति की वह बड़ी शख्सियत ही नहीं थे बल्कि वह ऐसे जननेता थे जिन्हें जनता मन से प्यार करती थी। उन्होंने उत्तर प्रदेश में कल्याण सिंह के मुख्यमंत्री काल को स्मरण करते हुए कहा कि राजनीति में दृढ़ निश्चय और संकल्प रख कार्य करने वाले और रिश्तों की गरिमा निभाने वाले वह विरल व्यक्तित्व थे।
विधानसभा अध्यक्ष जोशी ने भी सिंह के निधन पर शोक जताया वहीं मुख्यमंत्री गहलोत ने सिंह के निधन पर गहरा शोक जताते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शोक जताते हुए ट्वीट किया,'कल्याण सिंह जी से मेरा गहरा जुड़ाव था। मेरे मुख्यमंत्री कार्यकाल में उन्होंने राज्यपाल के रूप में राजस्थान के विकास में भरपूर सहयोग किया।'
पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अन्य नेताओं ने भी कल्याण सिंह के निधन पर शोक जताया है।
पृथ्वी
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY