देश की खबरें | सरकार को कनाडा-भारत विवाद पर विपक्ष को विश्वास में लेना चाहिए : माकपा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत और कनाडा के बिगड़ते संबंधों के बीच मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने मंगलवार को कहा कि सरकार को इस बारे में विपक्षी दलों को विश्वास में लेना चाहिए।
नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर भारत और कनाडा के बिगड़ते संबंधों के बीच मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने मंगलवार को कहा कि सरकार को इस बारे में विपक्षी दलों को विश्वास में लेना चाहिए।
उसने कहा कि कनाडा में सक्रिय भारत विरोधी खालिस्तानी तत्वों की गतिविधियां गंभीर चिंता का विषय रही हैं और उसका राष्ट्रीय सुरक्षा पर सीधा असर है।
पार्टी ने कहा, ‘‘भारत सरकार राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने के दायित्व से बंधी है जिसके लिए उसे भारत के सभी राजनीतिक दलों का समर्थन प्राप्त है।’’
उसने कहा कि कनाडा सरकार के विभिन्न अधिकारियों द्वारा भारत के खिलाफ लगाये गये आरोपों को केंद्र ने खारिज कर दिया है।
माकपा ने कहा, ‘‘उम्मीद है कि भारत सरकार लॉरेंस बिश्नोई गैंग की भूमिका के बारे में लगाये गये आरोप समेत इन मुद्दों पर विपक्षी दलों को विश्वास में लेगी।’’
‘रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस’ (आरसीएमपी) ने आरोप लगाया है कि बिश्नोई गैंग के संबंध भारत सरकार के ‘एजेंटों’ से हैं और वह (भारत सरकार) कनाडा में दक्षिण एशियाई समुदाय खासकर ‘खालिस्तानी समर्थक तत्वों’ को निशाना बना रही है।
भारत ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।
पिछले साल सितंबर में कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने खालिस्तानी चरमपंथी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों की ‘संभावित’ संलिप्तता का आरोप लगाया था जिसके बाद भारत और कनाडा के रिश्तों में खटास आ गयी थी।
निज्जर की पिछले साल जुलाई में ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। भारत ने ट्रूडो के आरोपों को ‘बकवास’ बताया।
भारत ने सोवार को छह कनाडाई राजनयिकों को निष्कासित कर दिया और कनाडा से अपने उच्चायुक्त एवं अन्य अधिकारियों को वापस बुलाने की घोषणा की। इससे पहले उसने सिख चरमपंथी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या की जांच से उच्चायुक्त को जोड़ने के कनाडा के आरोपों को खारिज कर दिया। इसी के साथ दोनों देशों के रिश्ते और खराब हो गए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)