नयी दिल्ली, 27 मई कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नीत केंद्र सरकार ने सेना में भर्ती की योजना ‘अग्निपथ’ के माध्यम से राष्ट्रीय सुरक्षा और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र में ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनते ही ‘अग्निपथ’ योजना को खत्म किया जाएगा।
उन्होंने बिहार में अपनी जनसभा से जुड़ा एक वीडियो ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा, ‘‘आज बिहार में जनसभा के दौरान अग्निवीर विकास कुमार से चर्चा हुई, तो उस बहादुर युवा की पीड़ा उसकी आंखों से बह निकली। नरेन्द्र मोदी की अग्निवीर (अग्निपथ) योजना देश की सेना और युवाओं की देशभक्ति का अपमान है। ’’
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘हम दो तरह के शहीद नहीं बनने देंगे - ‘इंडिया’ की सरकार बनते ही हम सबसे पहले अग्निवीर योजना खत्म करेंगे।’’
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि चार जून को लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यह जवाब देना होगा कि वह इस योजना को क्यों लाए थे?
रमेश ने एक वीडियो ‘एक्स’ पर जारी कर आरोप लगाया, ‘‘अग्निपथ योजना राष्ट्रीय सुरक्षा और हमारे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इसे निवर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिना किसी विचार-विमर्श के लाया है। सेना ने भी इसपर अपनी सहमति नहीं जताई थी। इस नीति ने चीन के ख़िलाफ़ हमारी क्षमताओं के साथ समझौता किया है।’’
उन्होंने कहा कि ‘अग्निपथ’ योजना के लागू होने से पहले हर साल करीब 75 हजार युवकों की सेना में भर्ती होती थी, जो अब एक चौथाई रह गयी है।’’
उन्होंने दावा किया कि तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने इस योजना को लाए जाने का विरोध किया था।
रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने गलवान की घटना के बाद चीन को जो ‘क्लीन चिट’ दी थी, उससे सीमा विवाद पर बातचीत में भारत की स्थिति कमजोर हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री को चार जून के बाद जवाब देना होगा कि अग्निपथ योजना क्यों लाए और हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ क्यों किया?’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY