देश की खबरें | छत्तीसगढ़ सरकार ने अधिकारियों को प्याज की उपलब्धता और भाव पर नजर रखने का दिया निर्देश
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

रायपुर (छत्तीसगढ़), 23 अक्टूबर छत्तीसगढ़ में प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी को देखते हुए राज्य सरकार ने जिलाधिकारियों को प्याज की उपलब्धता और बाजार भाव पर नजर रखने का निर्देश दिया है।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि राज्य के खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिले में प्याज की उपलब्धता एवं खुदरा बाजार मूल्य की निगरानी और पर्यवेक्षण के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के गया में गांधी मैदान में एक सार्वजनिक रैली को किया संबोधित: 23 अक्टूबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

जिलाधिकारियों को जारी निर्देश में कहा गया है कि राज्य स्तरीय मूल्य निगरानी प्रभाग द्वारा आवश्यक वस्तुओं के बाजार भाव के विश्लेषण से स्पष्ट हुआ है कि गत एक माह से प्याज के खुदरा बाजार मूल्य में अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है, ऐसे में सभी जिलाधिकारी जिले में प्याज की उपलब्धता सुनिश्चित करें और खुदरा बाजार मूल्य पर नजर रखें।

निर्देशों में कहा गया है कि प्याज के थोक और खुदरा व्यापारियों की तत्काल बैठक कर जिले में आवश्यकतानुसार प्याज की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जिला स्तर पर प्याज की दैनिक आवक और खपत की नियमित समीक्षा की जाए।

यह भी पढ़े | Coronavirus in India: भारत में दो महीने बाद 7 लाख से कम हुए कोरोना ऐक्टिव केस, 69 लाख से अधिक मरीज हुए ठीक.

जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि अन्य राज्यों से प्याज के आयात, ढुलाई और भंडारण संबंधी यदि कोई समस्या हो तो, इसका तत्काल निराकरण किया जाए।

छत्तीसगढ़ में प्याज की कीमतों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हुई है। राज्य में एक माह पहले प्याज की कीमत 35 से 40 रूपए प्रति किलोग्राम थी, जो अब बढ़कर 80 रूपए प्रति किलोग्राम हो गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)