जयपुर, 19 मई राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को कहा कि राज्य और केंद्र की सरकार किसान-पशुपालकों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है एवं इस दिशा में कई कदम भी उठाए गए हैं।
शर्मा सोमवार को अलवर में श्वेत क्रांति द्वितीय चरण एवं अलवर दुग्ध संघ दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र और राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार किसान-पशुपालकों के कल्याण एवं डेयरी क्षेत्र के उत्थान के लिए निर्णायक कदम उठा रही है जिसके तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की सम्मान निधि देने का काम किया है और उसे राजस्थान सरकार ने बढ़ाकर नौ हजार रुपये कर दिया है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान में गेहूं के समर्थन मूल्य पर अतिरिक्त बोनस दिया जा रहा है और आज यह देश में सर्वाधिक है।
आधिकारिक बयान के अनुसार शर्मा ने कहा कि दुग्ध संघ पशुपालकों के सामर्थ्य के प्रतीक के रूप में उभर रहे हैं तथा इन संघों ने विकास, जनभागीदारी और आत्मनिर्भरता के नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की डेयरी क्षेत्र में सक्रियता प्रमुखता से बढ़ी है, जिससे उनका आर्थिक सशक्तीकरण हो रहा है।
इस अवसर पर उन्होंने सिलिसेढ़ क्षेत्र से नलकूप एवं पाइपलाइन के माध्यम से अलवर शहर की पेयजल योजना संवर्द्धन कार्य (लगभग 23.27 करोड़ रुपए) का शिलान्यास और अलवर डेयरी के नवीन उत्पाद मावा तथा 15 किलो के पैक में ‘टोन्ड मिल्क’ का दही ‘लांच’ किया।
शर्मा ने कहा कि लगभग 47 लाख किसानों को करीब 30 हजार करोड़ रुपये के अल्पकालीन ब्याज मुक्त फसली ऋण का वितरण किया गया है तथा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं का सशक्तीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के बेटे के रोजगार के सपनों को पूरा करने के लिए पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि 17 महीने के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है तथा मौजूदा भाजपा सरकार ने पूर्ववर्ती सरकार के समय में पेपर लीक में लिप्त लगभग 300 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY