देश की खबरें | चीनी मुद्रा में भुगतान कर रूस से तेल खरीद रही सरकार : कांग्रेस का आरोप

नयी दिल्ली, 10 जुलाई कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि सरकार रूस से सस्ता कच्चा तेल खरीदने के लिए चीन की मुद्रा युआन में भुगतान कर रही है।

पार्टी प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने सवाल किया कि चीन की मुद्रा को वैश्विक मंच पर स्थापित करने का प्रयास क्यों किया जा रहा है?

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मोदी सरकार सस्ता रूसी तेल खरीदने के लिए युआन में भुगतान कर रही है। साल 2020-21 में हम रूस से 7,000 करोड़ रुपये का तेल खरीदते थे, अब हम 2022-23 में 8,900 करोड़ रुपये का तेल खरीद रहे हैं।’’

वल्लभ ने दावा किया कि सरकार चीनी मुद्रा में भुगतान कर रूसी तेल आयात कर रही है, जबकि चीन की वजह से भारत के 20 जवान शहीद हुए थे।

उन्होंने सवाल किया, ‘‘हम अपनी मुद्रा में भुगतान क्यों नहीं कर रहे हैं? रूस से खरीदे गए सस्ते तेल का फायदा देश के अंतिम उपभोक्ता को क्यों नहीं मिल रहा है? बीते नौ साल में रुपये की साख ऐसी क्यों गिरी कि हम रुपये में भुगतान नहीं कर पा रहे हैं? चीन की मुद्रा को वैश्विक मंच पर स्थापित क्यों किया जा रहा है?’’

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि सरकार को इन सवालों के जवाब देना चाहिए।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)