Kerala Gold Smuggling Case: राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने सोना तस्करी मामले में कई जगहों पर की छापेमारी
केरल में सोने की तस्करी मामले को लेकर विपक्ष के बढ़ते हमले के बीच मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार की छवि को धूमिल करने के लिए एक सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है. एजेंसी ने मामले की जांच के सिलसिले में कई फ्लैटों और कार्यालयों सहित शहर के कई स्थानों पर तलाशी ली.
तिरुवनंतपुरम, 19 जुलाई: केरल में सोने की तस्करी मामले को लेकर विपक्ष के बढ़ते हमले के बीच मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार की छवि को धूमिल करने के लिए एक सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है. इस बीच, जांच को आगे बढ़ाते हुए एनआईए ने यहां कई स्थानों पर छापेमारी की. विजयन ने मीडिया को बताया कि राजनयिक सामान से जुड़े मामले की जांच आगे बढ़ेगी और दोषियों को कठघरे में लाया जाएगा.
उन्होंने कहा, "जब हवाई अड्डे से सीमा शुल्क विभाग द्वारा सामान की जब्ती की ख़बर आई, तो एक राजनीतिक दल के एक जिम्मेदार नेता ने राज्य सरकार पर दोष मढ़ने की कोशिश की और कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय के किसी व्यक्ति ने सीमा शुल्क अधिकारियों को प्रभावित करने का प्रयास किया." विजयन ने कहा, "हालांकि, हम सभी जानते हैं कि बाद में क्या हुआ. यह राज्य सरकार की छवि को धूमिल करने के उनके सुनियोजित अभियान का हिस्सा था."
यह भी पढ़ें: केरल सोना तस्करी मामाल: सीएम पिनाराई विजयन के खिलाफ इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग का हंगामा, मांगा इस्तीफा
एजेंसी ने मामले की जांच के सिलसिले में कई फ्लैटों और कार्यालयों सहित शहर के कई स्थानों पर तलाशी ली. इससे पहले दिन में, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के यहां स्थित वाणिज्यिक दूतावास में सुरक्षाकर्मी के रूप में तैनात केरल पुलिस के कर्मी का यहां एक निजी अस्पताल में मजिस्ट्रेट ने शनिवार को बयान दर्ज किया. उक्त पुलिसकर्मी ने कथित तौर पर आत्महत्या करने की कोशिश की थी.
जय घोष के परिजनों के मुताबिक वह बृहस्पतिवार रात से लापता था और उसे शुक्रवार की सुबह थुम्बा स्थित अपने घर के पास पाया गया. कथित तौर पर घोष की कलाई कटी हुई थी और खून बह रहा था. एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई- से कहा, "मजिस्ट्रेट अस्पताल आए और उन्होंने उसका बयान दर्ज किया. पुलिस ने अभी तक पूछताछ नहीं की है. अभी उसकी हालत स्थिर है."
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2020 01:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

