देश की खबरें | गोवा: सात वर्षीय दिव्यांग बच्ची की मौत के मामले में आयोग ने नोटिस जारी किया

गोवा, 15 फरवरी गोवा राज्य दिव्यांग आयोग ने बुधवार को बौद्धिक अक्षमता वाली सात वर्षीय बच्ची की झुलसने से हुई मौत पर विभिन्न अधिकारियों से जवाब मांगा।

ओल्ड गोवा शहर में दिव्यांग बच्चों के एक केंद्र में रहने वाली बच्ची की सोमवार को नहाने के गर्म पानी के एक टब में गिरने से मौत हो गई।

उसे 79 प्रतिशत झुलसी अवस्था में एक निजी अस्पताल और फिर सरकारी गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

आयोग ने बुधवार को घटना का स्वत: संज्ञान लिया और दिव्यांग बच्चों से संबंधित सेंट जेवियर्स प्रशिक्षण केंद्र को नोटिस जारी किया, जहां उक्त घटना हुई थी।

इसके अलावा, आयोग ने जिला मजिस्ट्रेट और उत्तरी गोवा जिले में बाल कल्याण समिति अध्यक्ष और ओल्ड गोवा थाना निरीक्षक से भी जवाब मांगा।

आयोग ने उन्हें 21 फरवरी तक कार्रवाई-रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए भी कहा है।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि ओल्ड गोवा पुलिस ने मामले के संबंध में पहले ही प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच जारी है।

अमित नेत्रपाल

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)