पणजी, 17 अगस्त सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के आरोप में गोवा पुलिस ने एक स्थानीय व्यक्ति के खिलाफ बृहस्पतिवार को मामला दर्ज किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मामला ओल्ड गोवा पुलिस ने दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "पणजी के पास स्थित सांताक्रूज गांव के निवासी नाज़ारियो डिसूजा के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।"
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई स्थानीय पंचायत सदस्य इनासियो डोमनिक परेरा द्वारा डिसूजा के खिलाफ दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई।
शिकायत में कहा गया कि डिसूजा ने एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें राष्ट्रीय ध्वज के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भी अपमान किया गया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 500 (मानहानि) के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि परेरा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि डिसूजा ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय ध्वज की आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट की।
अधिकारी ने कहा, "डिसूजा को पूछताछ और मामले की जांच के लिए बुलाया गया।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY