एजेंसी न्यूज

गंदे कपड़े पहनकर बाहर निकलीं लड़कियां बिल्कुल शूर्पणखा लगती हैं: भाजपा महासचिव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने विवादित बयान देते हुए कहा कि ‘‘गंदे कपड़े’’ पहनकर बाहर निकलीं लड़कियां बिल्कुल शूर्पणखा लगती हैं। उन्होंने भारतीय संस्कारों की दुहाई देते हुए युवतियों को ‘‘अच्छे कपड़े’’ पहनने की सलाह भी दी है।

गंदे कपड़े पहनकर बाहर निकलीं लड़कियां बिल्कुल शूर्पणखा लगती हैं: भाजपा महासचिव
Kailash Vijayvargiya (Photo Credit: Facebook)

इंदौर (मध्यप्रदेश), सात अप्रैल: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने विवादित बयान देते हुए कहा कि ‘‘गंदे कपड़े’’ पहनकर बाहर निकलीं लड़कियां बिल्कुल शूर्पणखा लगती हैं. उन्होंने भारतीय संस्कारों की दुहाई देते हुए युवतियों को ‘‘अच्छे कपड़े’’ पहनने की सलाह भी दी है. यह भी पढ़ें: पहले केवल रमजान में ही मिलती थी 24 घंटे बिजली, आज पूरा यूपी रौशन : गृह मंत्री अमित शाह

गौरतलब है कि भारत के पौराणिक ग्रंथ "रामायण" में शूर्पणखा को लंका के राजा रावण की बहन बताया गया है और कथा के मुताबिक शूर्पणखा के अमर्यादित आचरण को लेकर भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण ने उसकी नाक काट दी थी. चश्मदीदों ने बताया कि विजयवर्गीय ने बुधवार रात महावीर जयंती और हनुमान जयंती के सिलसिले में एक स्थानीय सामाजिक संस्था के कार्यक्रम के मंच से अपने संबोधन में यह बात कही. उनके संबोधन के एक विवादास्पद अंश का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर फैल गया.

वीडियो में विजयवर्गीय इंदौर में रात के वक्त युवाओं के नशे में झूमते नजर आने पर चिंता जताते हुए स्थानीय लोगों से अपील करते सुनाई पड़ रहे हैं कि वे अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें. उन्होंने कहा, ‘‘मैं तो दादा-दादी, मां-बाप सबसे कहता हूं कि शिक्षा जरूरी नहीं है, संस्कार जरूरी हैं.’’

विजयवर्गीय ने कहा, ‘‘मैं रात में जब (बाहर) निकलता हूं और पढे़-लिखे नौजवानों और बच्चों को (नशे में झूमते हुए देखता हूं, तो सच में ऐसी इच्छा होती है कि (गाड़ी से) उतरकर इनको पांच-सात लगाकर नशा उतार दूं. मैं भगवान की कसम खाकर कहता हूं. मैं हनुमान जयंती पर झूठ नहीं बोल रहा हूं.’’

भाजपा महासचिव यहीं नहीं रुके. उन्होंने कहा,‘‘हम महिलाओं को देवी बोलते हैं, लेकिन लड़कियां भी इतने गंदे कपड़े पहनकर निकलती हैं कि उनमें देवी का स्वरूप ही नहीं दिखता, बिल्कुल शूर्पणखा लगती हैं..सच में। भगवान ने इतना अच्छा और सुंदर शरीर दिया है..तुम जरा अच्छे कपड़े पहनो यार.’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 07, 2023 08:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).