एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | कानपुर में बच्ची की हत्या, उपमुख्यमंत्री ने कठोर कार्रवाई के निर्देश दिये

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर थाना क्षेत्र के भदरस गांव में दीपावली की रात कथित रूप से काला जादू और तंत्र-मंत्र के चक्‍कर में छह साल की एक दलित लड़की की हत्‍या कर दी गई। इस घटना पर उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

देश की खबरें | कानपुर में बच्ची की हत्या, उपमुख्यमंत्री ने कठोर कार्रवाई के निर्देश दिये
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

कानपुर, 15 नवंबर उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर थाना क्षेत्र के भदरस गांव में दीपावली की रात कथित रूप से काला जादू और तंत्र-मंत्र के चक्‍कर में छह साल की एक दलित लड़की की हत्‍या कर दी गई। इस घटना पर उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पुलिस उप महानिरीक्षक डाक्‍टर प्रीतिंदर सिंह ने रविवार को बताया, ''इस मामले में तीन संदिग्‍धों को हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए गये संदिग्‍धों से पूछताछ चल रही है और सच्‍चाई का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।''

यह भी पढ़े | Bihar: उपमुख्यमंत्री के नाम को लेकर ‘सस्पेंस’ पर सुशील मोदी का छलका दर्द, ट्वीट कर लिखा- कार्यकर्ता का पद कोई नहीं छीन सकता.

उन्होंने कहा कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

इस बीच प्रदेश के उपमुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को ट्वीट किया, '' कानपुर में छह साल की मासूम की निर्ममता से हत्‍या हृदय विदारक है। एक-एक दोषी का पता करके कठोरतम कानूनी कार्रवाई बिना देर किये सुनिश्चित किया जाए ।''

यह भी पढ़े | Bihar: विधानमंडल के नेता चुने गए तारकिशोर प्रसाद, डिप्टी सीएम के तौर पर सुशील मोदी को कर सकते हैं रिप्लेस.

उन्‍होंने लिखा कि ''ऐसा जघन्‍य अपराध करने वाले मनुष्‍य नहीं हिंसक पशु जैसे हैं।''

पुलिस के अनुसार कानपुर के घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के भदरस गांव के रहने वाले एक परिवार में शनिवार को दीपावली की पूजा की तैयारी चल रही थी कि तभी उनकी छह वर्ष की बेटी लापता हो गयी ।

उप महानिरीक्षक ने बताया कि जब परिवार को बेटी नहीं मिली तो उसकी खोजबीन शुरू की गई और इसके लिये मंदिर और मस्जिदों से भी अपील की गई लेकिन सभी प्रयास निरर्थक साबित हुए।

उन्होंने बताया कि रविवार सुबह मंदिर के पास से गुजर रहे ग्रामीणों ने बच्‍ची का शव देखा। एक अन्‍य अधिकारी ने बताया कि लड़की के शरीर पर लगे चोट के निशान से पता चलता है कि उसकी हत्‍या धारदार हथियार से की गई है।

अधिकारी ने बताया, ''लड़की के हाथ और पैर में रंग लगा है । एक चप्‍पल और कपड़े समेत उसका सामान भी पेड़ के पास से बरामद किया गया है।''

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक बृजेश श्रीवास्‍तव ने बताया कि इस सिलसिले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। तंत्र-मंत्र के चक्‍कर में लड़की की हत्‍या के संदर्भ में उप महानिरीक्षक ने बताया कि जांच में फोरेंसिक विशेषज्ञों और श्वान दस्ते को लगाया गया है।

उन्‍होंने बताया कि शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेजा गया है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

सं आनन्‍द

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 15, 2020 06:07 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).