जयपुर, सात अक्टूबर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को जैसलमेर के बुजुर्ग माधुराम जयपाल (70) से अपने निवास पर मुलाकात की।
इस मुलाकात का वीडियो गहलोत ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा किया। इसमें वे किसान माधुराम से कह रहे हैं, ‘‘हम इसे (पोस्टर को) हटवा देंगे। ठीक है। चिंता मत करो। भाजपा ने पोस्टर लगाए हैं। भाजपा खुद ‘एक्सपोज’ हो गई है। अगर भाजपा ने बेईमानी की है तो वे भुगतेंगे। आप चिंता क्यों करते हैं।’’
उल्लेखनीय है कि माधुराम की तस्वीर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य सरकार के खिलाफ अपने चुनावी अभियान 'नहीं सहेगा राजस्थान' के तहत जारी पोस्टर में लगाई थी। इसको लेकर विवाद हो गया। माधुराम ने अपनी तस्वीर के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कहा कि पोस्टर में किए गए भाजपा के दावे से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
यह पोस्टर किसानों के मुद्दे से संबंधित है जिसमें भाजपा ने दावा किया है कि राज्य में उन्नीस हजार से अधिक किसानों की जमीन नीलाम कर दी गई है और इसे कई स्थानों पर होर्डिंग के रूप में लगाया गया है।
पोस्ट में गहलोत ने लिखा, ‘‘हमारे किसान को क्यों किया बदनाम, भाजपा से पूछ रहा पूरा राजस्थान।’’
माधुराम से मुलाकात के दौरान गहलोत ने सरकार के महंगाई राहत शिविरों के तहत मिलने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ के बारे में भी उनसे पूछताछ की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY