देश की खबरें | गौतमबुद्ध नगर : व्यापारी से सवा करोड़ रुपये की ठगी

नोएडा(उप्र), 29 मई गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा सेक्टर-63 में फैक्टरी चलाने वाले एक व्यापारी से 1.25 करोड़ रुपये की कथित ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

नोएडा सेक्टर-63 कोतवाली के प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मुजफ्फरनगर निवासी आलोक माहेश्वरी ने मामले में शिकायत दर्ज कराई है।

उन्होंने बताया कि शिकायत के मुताबिक माहेश्वरी का नोएडा सेक्टर-63 के एच ब्लाक में कार्यालय है और वर्ष 2011 में उनसे गाजियाबाद निवासी प्रीति अरोड़ा व उसके पति राजीव अरोड़ा ने मुलाकात की और खुद को उनके भाई की पत्नी का मित्र बताया।

कुमार ने शिकायत के हवाले से बताया कि दंपति ने खुद को प्रॉपर्टी डीलर व बिल्डर बताया और निवेश करने पर भारी मुनाफा देने का वादा किया।

माहेश्वरी ने तहरीर में बताया कि वह दंपति के झांसे में आ गए और वर्ष 2011 से 2012 के बीच कुल 10 किश्तों में 1.25 करोड़ रुपये का निवेश किया लेकिन लाभांश नहीं मिलने पर जब उन्होंने राशि वापस मांगी तो जान से मारने की धमकी दी गई।

माहेश्वरी ने तहरीर में यह भी कहा है कि वह ब्लड कैंसर से पीड़ित हैं।

कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)