देश की खबरें | गौतमबुद्ध नगर : अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों ने आत्महत्या का प्रयास किया, दो की मौत

नोएडा,23 मार्च उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों ने आत्महत्या का प्रयास किया जिनमें से दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि नोएडा फेस -3 थाना क्षेत्र के चोटपुर कॉलोनी में रहने वाले सन्नी (24 वर्ष) ने कथित रूप से पत्नी से हुए विवाद के बाद सोमवार देर रात पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या की ली।

उन्होंने बताया कि थाना एक्सप्रेस वे- क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में नीरज (18 वर्ष) पुत्र रामदास ने बीती रात गांव में स्थित बरात घर के प्रांगण में नीम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से मेरठ का रहने वाला था।

प्रवक्ता ने बताया कि मृतक भाई के साथ रहता था जिससे पूछताछ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि नोएडा सेक्टर 20 थाना क्षेत्र के हरौला गांव में रहने वाले नन्हे (30 वर्ष) ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की और उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया लेकिन हालत बिगड़ने पर दिल्ली के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि नोएडा सेक्टर-39 थाना क्षेत्र के सेक्टर-37 में रहने वाले अर्जुन नामक व्यक्ति ने भी कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की जिसे गंभीर हालत में यहां के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)