देश की खबरें | गौतमबुद्ध नगर : छेड़छाड़ से परेशान किशोरी ने आत्महत्या की, पुलिस ने जांच शुरू की

नोएडा(उप्र), 14 सितंबर गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय एक किशोरी के कथित तौर पर छेड़ाछ से परेशान होकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है।पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच की जा रही है।

अपर पुलिस उपायुक्त अशोक कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि जेवर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने आज दोपहर शिकायत की कि उसकी 14 वर्षीय बेटी के साथ जहांगीरपुर के रहने वाले बादल नामक युवक ने बुधवार की रात अश्लील हरकत की और उसका फोन नंबर मांग रहा था।

उन्होंने बताया कि पीड़िता का भाई और पिता थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाने के लिए बैठे थे तभी सूचना मिली कि पीड़िता ने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।

अपर उपायुक्त ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामले में पॉक्सो और भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतका और आरोपी एक दूसरे को काफी समय से जानते थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)