देश की खबरें | गति शक्ति विश्वविद्यालय, एयरबस ने विमानन क्षेत्र के लिए छात्रों को प्रशिक्षित करने को लेकर समझौता किया

नयी दिल्ली, आठ सितंबर भारतीय रेल के गति शक्ति विश्वविद्यालय और एयरबस ने बृहस्पतिवार को एयरोस्पेस से संबंधित वैज्ञानिक, तकनीकी और प्रबंधन विषयों की समझ को गहरा करने के लिए छात्रों के अनुसंधान, शिक्षण और प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग करने के लिए एक समझौता किया।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जया वर्मा सिन्हा की उपस्थिति में एयरबस इंडिया और दक्षिण एशिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक रेमी मेलार्ड और गति शक्ति विश्वविद्यालय (जीएसवी) के कुलपति मनोज चौधरी ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

वैष्णव ने कहा, ‘‘जीएसवी गहन उद्योग-अकादमिक साझेदारी पर ध्यान केंद्रित करेगा। इसके सभी पाठ्यक्रम उद्योग के सहयोग से तैयार किए जाएंगे। जीएसवी में पढ़ने वाले छात्र उद्योग के लिए तैयार होंगे। परिवहन और रख रखाव क्षेत्रों में रोजगार के लिए उनकी अत्यधिक मांग होगी।’’

एयरबस-जीएसवी समझौता ज्ञापन गति शक्ति विश्वविद्यालय में ‘एयरोस्पेस मेजर’ बी-टेक पाठ्यक्रम शुरू करने का मार्ग प्रशस्त करेगा जो छात्रों को विमानन क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित करेगा।

वैष्णव ने कहा कि जीएसवी में विषय विशिष्ट पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए सीमेंस, एल्सटॉम, डॉयचे बान जैसी उद्योग की बड़ी कंपनियों के साथ भी इसी तरह के समझौतों पर चर्चा की जा रही है। वैष्णव ने कहा कि अगले कुछ वर्षों में देश में विस्तार के साथ विमानन क्षेत्र को कम से कम 15,000 इंजीनियरों की आवश्यकता होने की उम्मीद है।

मेलार्ड ने कहा, ‘‘गति शक्ति विश्वविद्यालय के साथ साझेदारी से देश में कुशल कार्यबल की एक मजबूत श्रृंखला विकसित होगी जो भविष्य में तेजी से बढ़ते एयरोस्पेस क्षेत्र की सेवा के लिए तैयार होगी।’’

विशेष रूप से परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हुए, जीएसवी ‘‘अपनी तरह का पहला’’ विश्वविद्यालय है, जिसका लक्ष्य रेलवे, पोत परिवहन, बंदरगाहों, राजमार्गों, सड़कों, जलमार्गों और विमानन क्षेत्र तक फैले पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान 2021 और राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति 2022 के अनुरूप काम करना है।

आशीष रंजन

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)