देश की खबरें | गांगुली का आईपीएल पर बयान बहुत बड़ा आश्वासन : इरफान पठान
जियो

नयी दिल्ली, 17 जून भारत के पूर्व आल राउंडर इरफान पठान ने कहा कि बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली का इस साल आईपीएल आयोजित करने का बयान क्रिकेटरों के लिये बड़ा आश्वासन लेकर आया है और साथ ही उन्हें लगता है कि आस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप होना काफी मुश्किल होगा।

गांगुली ने राज्य संघों को लिखे पत्र में आईपीएल की मेजबानी की इच्छा बतायी है जिससे इसके आयोजन की संभावना काफी बढ़ गयी है।

यह भी पढ़े | लद्दाख में चीन की दुस्साहस पर पीएम मोदी ने कहा- भारत शांति चाहता है, लेकिन उकसाने पर देगा माकूल जवाब.

साथ ही क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) भी इस बात पर जोर दे रहा है कि कोविड-19 महामारी के चलते इस साल टी20 विश्व कप के आयोजन की संभावना नहीं दिखती।

पठान ने स्टार स्पोर्ट्स के ‘क्रिकेट कनेक्टेड’ शो में कहा, ‘‘मैंने कल वो बयान पढ़ा कि वे आईपीएल आयोजित कराने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। हर कोई ऐसा होते हुए देखना चाहता है। ’’

यह भी पढ़े | India-China Face-Off in Ladakh: लद्दाख सीमा पर शहीद 20 जवानों की सूची जारी, यहां पढ़े सभी के नाम.

पठान का मानना है कि कोरोना वायरस पाबंदियों के कारण टी20 विश्व कप का आयोजन साजो सामान के हिसाब से मुश्किल लगता है।

उन्होंने कहा, ‘‘कई लोग आस्ट्रेलिया में विश्व कप होने के बारे में बात कर रहे हैं लेकिन मुझे ऐसा नहीं लगता क्योंकि आस्ट्रेलिया में नियमों का काफी सख्ती से पालन किया जाता है। भले ही यह छोटा सा ही नियम क्यों न हो, वे इसके हिसाब से ही चलते हैं। ’’

पठान ने कहा, ‘‘वे हर हालात का ध्यान रखते हैं। पृथकवास के साथ मैच कराना, बहुत मुश्किल दिखता है। ’’

मीडिया में आयी खबरों के अनुसार बीसीसीआई ने आईपीएल के 13वें चरण के लिये 26 सितंबर से आठ नवंबर तक की तारीख पर विचार किया है।

पठान ने कहा, ‘‘इस संबंध में बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली का बयान कि आईपीएल का आयोजन किसी समय होगा, यह भारतीय क्रिकेटरों के लिये ही नहीं बल्कि दुनिया भर के खिलाड़ियों के लिये अच्छी खबर है। मैं भी इसके लिये उत्साहित हूं। इसने सभी क्रिकेटरों को भरोसा दिया है। ’’

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद अगले महीने टी20 विश्व कप पर फैसला करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)