जरुरी जानकारी | गेल चालू वित्त वर्ष में 7,000 करोड़ रुपये की उधारी जुटाएगी

मुंबई, 19 मई सार्वजनिक क्षेत्र की गैस उत्पादक गेल इंडिया लिमिटेड ने चालू वित्त वर्ष में 10,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय के वित्तपोषण के लिए 7,000 करोड़ रुपये कर्ज लेने की योजना बनाई है।

गेल इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस के गुप्ता ने कहा, "वित्त वर्ष 2023-24 में हमारी 10,000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है।"

उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 आंतरिक स्तर पर संसाधन निर्माण के लिए उतना अच्छा रहने के बावजूद गेल ने 9,100 करोड़ रुपये का निवेश किया जो बजटीय स्तर से 15 प्रतिशत अधिक है।

इसके साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि चालू वित्त वर्ष में आंतरिक स्तर पर संसाधन जुटाया जा सकेगा और पूंजीगत व्यय जारी रखने में कोई बाधा नहीं आएगी।

गुप्ता ने कहा, "चालू वित्त वर्ष में हमारी करीब 5,000-7,000 करोड़ रुपये उधारी जुटाने की योजना है।"

गेल इंडिया के निदेशक (वित्त) आर के जैन ने कहा कि वित्त से संबंधित वैश्विक परिदृश्य को देखते हुए उधारी जुटाने का काम घरेलू स्तर पर ही किया जाएगा। एक-चौथाई उधारी बॉन्ड के जरिये की जाएगी जबकि बाकी राशि बैंक उधारी के रूप में होगी।

जैन ने कहा कि फिलहाल गेल घरेलू बाजार से 1,500 करोड़ रुपये जुटाने की कोशिश में है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)