देश की खबरें | जी 20 पर्यटन गोवा : योग सत्रों में भाग लेंगे प्रतिनिधि और मंत्री

नयी दिल्ली, सात जून जी 20 की दो अहम पर्यटन संबंधी बैठकों के साथ प्रस्तावित अन्य कार्यक्रमों के तहत इस प्रभावशाली संगठन के प्रतिनिधि जून में गोवा के प्रसिद्ध समुद्र तट और एक इनडोर स्टेडियम में योग सत्रों में हिस्सा लेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

चौथी जी 20 पर्यटन कार्यबल बैठक और जी 20 मंत्रिस्तरीय बैठक गोवा में 19-22 जून के बीच होने वाली है।

भारत 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनायेगा । तब गोवा में जी 20 के कार्यक्रम भी होंगे।

इन कार्यक्रमों के आयोजन की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि जी 20 कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आसपास हो रहे हैं। ऐसे में प्रतिनिधि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा ‘गोवा में योग’ का भी अनुभव ले पायेंगे।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ गोवा में जी 20 के मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इनडोर स्टेडियम में योग सत्र में हिस्सा लेंगे जबकि प्रतिनिधि डोना पॉला बीच पर कुछ आसन करेंगे। इस तरह वे भारत की प्राचीन मूल्य परंपरा का अनुभव ले पायेंगे।’’

एक वरिष्ठ अधिकारी ने 30 मई को कहा था कि चौथी जी 20 पर्यटन कार्यबल बैठक 19-20 जून को होगी जिसका मकसद वैश्वक पर्यटन चुनौतियों और अवसरों पर चर्चा करना एवं उनका समाधान निकालना है।

उन्होंने कहा था कि उसके बाद 21-22 जून को जी 20 मंत्रिस्तरीय बैठक होगी जहां जी 20 के पर्यटन मंत्री एवं अन्य आमंत्रित सदस्य पिछली कार्यबल बैठक के परिणाम पर चर्चा करेंगे तथा पर्यटन सहयोग पर एक संयुक्त घोषणापत्र जारी करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)