देश की खबरें | वाराणसी में जी20 ऑर्केस्ट्रा के प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की सच्ची भावना को सार्थक कर उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जी-20 सदस्य देशों तथा आमंत्रित देशों के 101 संगीतकार और गायक एकजुट हुए और अपने प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वाराणसी, 27 अगस्त ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की सच्ची भावना को सार्थक कर उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जी-20 सदस्य देशों तथा आमंत्रित देशों के 101 संगीतकार और गायक एकजुट हुए और अपने प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
‘सुर वसुधा’ नामक कार्यक्रम में जी-20 ऑर्केस्ट्रा का प्रदर्शन शहर में संस्कृति मंत्रियों की बैठक के समापन के अवसर पर शनिवार रात किया गया।
कलाकारों में भारत के 61 संगीतकार एवं गायक तथा जी-20 के सदस्य देशों और आमंत्रित देशों के 41 संगीतकार एवं गायक शामिल थे। सभी अपने पारंपरिक वाद्ययंत्र लेकर आए और उन्होंने संगीत के प्राचीन शहर बनारस में पूर्ण सामंजस्य के साथ सुर लहरियां बिखेरीं।
एक ब्राजीलियाई कोंगा ड्रम ने भारतीय मृदंगम के साथ, एक स्कॉटिश बैगपाइप ने भारतीय शहनाई के साथ, इतालवी वायोलिन ने सारंगी के साथ, इंगलिश बंशी ने बांसुरी के साथ और फ्रांसीसी हॉर्न ने भारतीय सितार के साथ सुर मिलाये।
ब्रिटेन, जर्मनी, सऊदी अरब, मैक्सिको तथा यूनेस्को, आईसीओएमओएस और आईसीओएम जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में पहुंचे थे, जिन्होंने इसे ‘मनमोहक’ एवं ‘बहुत अच्छा अनुभव’ बताया।
यहां आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा बड़ी संख्या में जी-20 प्रतिनिधि और संस्कृति मंत्रालय के अधिकारी शामिल हुए।
अपनी पारंपरिक वेशभूषा पहनकर प्रत्येक गायक ने अपनी-अपनी में एक सुर में ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ गाया। इस दौरान पृष्ठभूमि में एक विशाल स्क्रीन पर दुनियाभर के लोगों के मुस्कराते चेहरों के दृश्य उकेरे जा रहे थे जिससे मंच पर जादू बिखर रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)