नयी दिल्ली, 25 जून जी-20 इन्फ्रास्ट्रक्चर वर्किंग ग्रुप (आईडब्ल्यूजी) की तीसरी बैठक उत्तराखंड के ऋषिकेश में होगी। बैठक में बुनियादी ढांचे में निवेश की दिशा में अभिनव तरीकों व अन्य मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। वित्त मंत्रालय ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
वित्त मंत्रालय ने कहा, “इस बैठक में अन्य प्राथमिकताओं के साथ-साथ ‘भविष्य के शहरों के वित्त पोषण: समावेशी, लचीलेपन और टिकाऊपन’ पर चर्चा सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
जी-20 सदस्य देशों, आमंत्रित देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के कुल 63 प्रतिनिधि भारत की जी-20 की अध्यक्षता के तहत 2023 इन्फ्रास्ट्रक्चर एजेंडे पर चर्चा को आगे बढ़ाने और मार्च 2023 में विशाखापत्तनम में आयोजित दूसरी आईडब्ल्यूजी बैठक के दौरान हुई चर्चाओं की आगे की कार्यवाही के लिए बैठक में भाग लेंगे।
वित्त मंत्रालय ने बयान में कहा, “भारत की अध्यक्षता के तहत जी-20 की इन्फ्रास्ट्रक्चर वर्किंग ग्रुप की तीसरी बैठक 26 से 28 जून 2023 तक उत्तराखण्ड के ऋषिकेश में होने जा रही है।”
बयान के अनुसार, जी-20 का इन्फ्रास्ट्रक्चर वर्किंग ग्रुप बुनियादी ढांचे के निवेश के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करता है, जिसमें बुनियादी ढांचे को एक परिसंपत्ति वर्ग के रूप में विकसित करना, गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचे के निवेश को बढ़ावा देना और बुनियादी ढांचे के निवेश के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने के लिए अभिनव उपकरणों की पहचान करना भी शामिल है।
इन्फ्रास्ट्रक्चर वर्किंग ग्रुप के नतीजे जी-20 फाइनेंस ट्रैक प्राथमिकताओं में शामिल होते हैं और इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास को बढ़ावा देते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY